अररिया में ट्रैक्टर पलटने से तीन महिला मजदूरों की मौत, 10 घायल
अररिया, 14 जुलाई। बिहार के अररिया जिले में मंगलवार को धान रोपनी के लिए जा रहे मजदूरों से भरा ट्रैक्टर पलटने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में तीन महिला मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक मजदूर घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
यह हादसा भरगामा थाना क्षेत्र के सिरसिया हनुमानगंज पंचायत के वार्ड संख्या-14 स्थित परिहारी वितरणी नहर के पश्चिमी किनारे हुआ। जानकारी के अनुसार, मजदूर ट्रैक्टर पर सवार होकर खेतों में धान की रोपाई के लिए जा रहे थे। रास्ते में ट्रैक्टर का ब्रेक फेल हो गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रैक्टर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि कई मजदूर ट्रैक्टर के नीचे दब गए। दुर्घटना में सिरसिया कला गांव निवासी मीरा देवी, नैना देवी और रंजू देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। इनमें दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरी ने भरगामा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
हादसे में घायल हुए 10 से अधिक मजदूरों को स्थानीय ग्रामीणों की मदद से ट्रैक्टर के नीचे से निकालकर भरगामा पीएचसी पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार अधिकांश घायलों की हालत खतरे से बाहर है, जबकि कुछ को गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही भरगामा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण ट्रैक्टर का ब्रेक फेल होना बताया गया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि ट्रैक्टर पर निर्धारित क्षमता से अधिक मजदूर तो नहीं बैठाए गए थे।
हादसे के बाद मृतक महिलाओं के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने मजदूरों के सुरक्षित परिवहन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। यह घटना एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में मजदूरों के परिवहन के लिए ट्रैक्टर के उपयोग और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े करती है।


No comments:
Post a Comment