सुप्रीम कोर्ट में हंगामे के मामले में दो लॉ छात्र गिरफ्तार, दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजे गए
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट में 10 जुलाई को सुनवाई के दौरान हुए हंगामे के मामले में दिल्ली पुलिस ने दो लॉ छात्रों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों पर अदालत की कार्यवाही में बाधा डालने, मुख्य न्यायाधीश के खिलाफ कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग करने तथा सुरक्षा कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करने का आरोप है। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, घटना सुप्रीम कोर्ट की कोर्ट नंबर-13 में सुनवाई के दौरान हुई थी। मुख्य आरोपी प्रबल प्रताप सिंह (24), जो लखनऊ विश्वविद्यालय में एलएलबी तृतीय वर्ष का छात्र है, ने कथित तौर पर अदालत कक्ष में पर्चे फेंके और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया। सुरक्षा कर्मियों द्वारा रोकने पर उसने ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के साथ बल प्रयोग भी किया। मामले में चंदर भान (23), एलएलबी द्वितीय वर्ष का छात्र, को भी सह-आरोपी बनाया गया है।
घटना के संबंध में तिलक मार्ग थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 132, 221, 224, 3(5) सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच के दौरान दोनों आरोपियों के पास से आपत्तिजनक शब्दों वाले पर्चे भी बरामद किए गए हैं।
सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी के बाद दोनों आरोपियों का आईएचबीएएस (IHBAS) में चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। मेडिकल रिपोर्ट में उन्हें तत्काल किसी प्रकार के मनोचिकित्सकीय उपचार की आवश्यकता नहीं बताई गई है।
दिल्ली पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ जारी है।


No comments:
Post a Comment