आईआईएमटी विश्वविद्यालय में 25-26 जुलाई को होगा दो दिवसीय ‘ज्योतिष और समाधान’ कार्यक्रम

ज्योतिष विभाग के प्रथम बैच के विद्यार्थियों को मिलेंगे प्रमाणपत्र, देशभर के प्रख्यात ज्योतिषाचार्य होंगे शामिल

मेरठ। आईआईएमटी विश्वविद्यालय के ज्योतिष विभाग की ओर से 25 और 26 जुलाई को दो दिवसीय ‘ज्योतिष और समाधान’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में विभाग के प्रथम बैच के सफल विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे। इसमें देशभर से प्रख्यात ज्योतिषाचार्य और विशेषज्ञ भी शामिल होंगे।

ज्योतिष विभाग की डीन डॉ. आशा त्यागी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान विभाग के विद्यार्थी अपनी ज्योतिषीय प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। विद्यार्थी कुंडली विश्लेषण के माध्यम से लोगों की विभिन्न समस्याओं के समाधान प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने कहा कि यह आयोजन विद्यार्थियों के व्यावहारिक ज्ञान, कौशल और आत्मविश्वास को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच होगा।

उन्होंने बताया कि कुलाधिपति योगेश मोहन गुप्ता, प्रतिकुलाधिपति डॉ. मयंक अग्रवाल, कुलपति डॉ. दीपा शर्मा, एडमिशन डीन डॉ. संगीत वशिष्ठ, सहायक प्राध्यापक हिमशिखा बंसल और सभी विभागाध्यक्षों के सहयोग से ज्योतिष विभाग ने कम समय में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। विभाग के विद्यार्थियों को 100 प्रतिशत कैंपस प्लेसमेंट मिलने का दावा किया गया है।

डॉ. आशा त्यागी ने बताया कि अतिथि संकाय सदस्य नरेश कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में ज्योतिष जैसे गूढ़ विषय को सरल और व्यावहारिक तरीके से पढ़ाया जा रहा है। इसके परिणामस्वरूप सर्टिफिकेट कार्यक्रम पूरा करने वाले 33 विद्यार्थियों ने डिप्लोमा कार्यक्रम में प्रवेश लिया है।

कार्यक्रम में आचार्य रमेश सोमवाल (रुड़की), धर्मेंद्र कुमार बंसल (फिरोजपुर), डॉ. एचएस रावत (दिल्ली), आचार्य सागर (गाजियाबाद), गुरु मां ऊषा सिंह (नोएडा), महामंडलेश्वर मीना सालवान (दिल्ली), शिवसाधिका मां विश्वरूपा (दिल्ली), एस्ट्रो राजेश शर्मा (दिल्ली) और पूर्व मंत्री, उत्तराखंड सरकार डॉ. नंदकिशोर पुरोहित सहित अनेक प्रतिष्ठित ज्योतिषाचार्य एवं विद्वान शामिल होंगे।

विश्वविद्यालय के अनुसार, विद्यार्थियों का कैंपस प्लेसमेंट जिफी सॉफ्टवेयर और एस्ट्रोभाग्य के सीईओ ऋषि त्यागी के सहयोग से उनकी ऑनलाइन कंसल्टेंसी ऐप पर किया गया है। इसके अलावा विभाग के कई विद्यार्थी एस्ट्रोसेज, एस्ट्रोटॉक और एनीटाइम एस्ट्रो जैसे प्रमुख ऑनलाइन ज्योतिष प्लेटफॉर्म पर भी सेवाएं दे रहे हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts