भूजल सप्ताह के अंतिम दिन आरजी कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम और पौधरोपण

छात्राओं और शिक्षकों ने जल संरक्षण की शपथ ली, वर्षा जल संचयन के प्रति किया जागरूक

मेरठ। रघुनाथ गर्ल्स पीजी कॉलेज, मेरठ में बुधवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), एनसीसी एवं भूगोल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में भूजल सप्ताह के अंतिम दिन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्राचार्या प्रो. निवेदिता कुमारी के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं और शिक्षकों ने भूजल संरक्षण एवं वर्षा जल संचयन की शपथ ली।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रवि कुमार, अध्यक्ष बूंद फाउंडेशन, जल हीरो एवं स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर, नगर निगम ने जल संरक्षण और पेयजल की उपलब्धता विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने छात्राओं को भूजल संग्रहण प्रणाली के माध्यम से वर्षा जल का उपयोग करने के तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जल संचयन के लिए घरेलू स्तर पर छोटे-छोटे प्रयासों के साथ प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है।

उन्होंने छात्राओं को पानी को अनमोल संपदा मानते हुए इसके विवेकपूर्ण उपयोग और संरक्षण के लिए प्रेरित किया। साथ ही जल बचाने के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों और उपलब्ध सहायता के प्रति लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया।

प्राचार्या प्रो. निवेदिता कुमारी ने छात्राओं को जल प्रबंधन के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि और छात्राओं ने कॉलेज परिसर में पौधरोपण किया। कार्यक्रम में निरलेप कौर, प्रो. रजनी श्रीवास्तव, डॉ. संगीता चौधरी, सुषमा सहित शिक्षकगण और छात्राएं मौजूद रहीं। छात्राओं ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts