22 जुलाई की ट्रस्ट बैठक में चंपत राय की वापसी का प्रस्ताव संभव, महंत कमलनयन दास का दावा
अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की 22 जुलाई को प्रस्तावित बैठक से पहले ट्रस्ट के विशेष आमंत्रित सदस्य एवं महंत नृत्य गोपाल दास के उत्तराधिकारी महंत कमलनयन दास ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि बैठक में ट्रस्ट में चंपत राय की वापसी का प्रस्ताव रखा जाएगा। साथ ही उन्होंने ट्रस्ट में मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति पर भी आपत्ति जताई है।
मणिराम दास छावनी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए महंत कमलनयन दास ने कहा कि आगामी बैठक में ट्रस्ट के नए सदस्यों के मनोनयन पर भी विचार किया जाएगा और अयोध्या के कुछ संतों को इसमें शामिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जब चंपत राय का इस्तीफा सामने आया था, तब ट्रस्ट का कोई भी सदस्य उसे स्वीकार करने के पक्ष में नहीं था। उनका मानना है कि चंपत राय ट्रस्ट का हिस्सा बने रहें और इसके लिए वे बैठक में औपचारिक प्रस्ताव रखेंगे।
महंत कमलनयन दास ने चंपत राय का बचाव करते हुए कहा कि उन्होंने समाज और राष्ट्र के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए हैं तथा उनके साथ विश्वासघात हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि समय आने पर पूरे मामले की सच्चाई सामने आ जाएगी।
ट्रस्ट में सीईओ नियुक्त किए जाने के प्रस्ताव पर उन्होंने कहा कि राम मंदिर ट्रस्ट एक स्वतंत्र धार्मिक ट्रस्ट है, कोई सरकारी संस्थान नहीं। ऐसे में ट्रस्ट का संचालन स्वयं ट्रस्ट के पदाधिकारियों द्वारा किया जाना चाहिए और सीईओ की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने एसआईटी की जांच पर भरोसा जताते हुए कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर पूर्ण विश्वास है।
उधर, श्रीराम मंदिर के चढ़ावे में कथित चोरी के मामले में जेल में बंद सुभाष श्रीवास्तव और रमाशंकर मिश्र को अदालत ने 14 घंटे की पुलिस कस्टडी रिमांड मंजूर की है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर चोरी की रकम तथा उससे खरीदे गए सामान की बरामदगी का प्रयास करेगी। अदालत ने निर्देश दिया है कि कस्टडी से पहले और बाद में आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराया जाए तथा पूछताछ के दौरान किसी भी प्रकार की थर्ड डिग्री का प्रयोग न किया जाए।


No comments:
Post a Comment