बहराइच में भीषण सड़क हादसा, भाई-बहन समेत परिवार के तीन लोगों की मौत
बहराइच। लखनऊ हाईवे पर तेज रफ्तार कार की टेंपो से आमने-सामने की टक्कर में एक ही परिवार के भाई-बहन समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर वाहन को कब्जे में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, जरवल रोड थाना क्षेत्र के कसमढ़ा साईपुरवा घूरनपुर गांव निवासी एखलाख अहमद अपनी पत्नी नाजरून, बेटी सोनम, बेटे फैजान तथा रिश्तेदार शफीक के साथ कैसरगंज क्षेत्र में आयोजित एक मांगलिक कार्यक्रम से टेंपो द्वारा घर लौट रहे थे। इसी दौरान कोनारी डाक बंगले के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में टेंपो सवार सभी पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने 13 वर्षीय सोनम को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल शफीक और आठ वर्षीय फैजान को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। उपचार के दौरान दोनों ने भी दम तोड़ दिया।
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कैसरगंज थाना प्रभारी राजकुमार पांडे ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। दुर्घटना में शामिल वाहन को कब्जे में ले लिया गया है तथा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।


No comments:
Post a Comment