बस ड्राइवर से अरबों का कारोबारी बना टुल्लू मंडल, छापे में 20 करोड़ नकद और 15 किलो सोना बरामद
पत्थर कारोबार से जुड़ी संपत्तियों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गिनती के लिए लगानी पड़ीं पांच मशीनें
कोलकाता/बीरभूम। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई के दौरान कथित पत्थर कारोबारी टुल्लू मंडल उर्फ मोहम्मद नजीबुद्दीन से जुड़े ठिकानों से 20 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी और करीब 15 किलोग्राम सोना बरामद किया गया है। नकदी की गिनती के लिए पांच मशीनें लगानी पड़ीं। पुलिस का दावा है कि यह राज्य में हाल के वर्षों की सबसे बड़ी नकदी बरामदगी में से एक है।
पुलिस के अनुसार, देवचा गांव स्थित दो मंजिला मकान में छापेमारी के दौरान एक बंद कमरे से भारी मात्रा में नकदी और सोना मिला। बरामद सोने में एक-एक किलोग्राम की 14 छड़ और 100-100 ग्राम के 10 सोने के बिस्कुट शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक, बरामद सोने की अनुमानित बाजार कीमत करीब 21.5 करोड़ रुपये है।
सरकारी बस ड्राइवर से बना बड़ा कारोबारी
जांच एजेंसियों के मुताबिक, मीनार मंडल पहले नॉर्थ बंगाल स्टेट ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन में बस चालक था। बाद में उसने नौकरी छोड़कर अपने रिश्तेदार टुल्लू मंडल के पत्थर कारोबार में प्रवेश किया। पुलिस का कहना है कि टुल्लू मंडल बीरभूम के पत्थर खनन कारोबार का बड़ा नाम रहा है और फिलहाल फरार है।
अवैध खनन और राजस्व चोरी के आरोप
पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई बीरभूम में कथित अवैध खनन और राजस्व चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। तलाशी के दौरान मीनार मंडल और उसके बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि नकदी और अन्य संपत्तियां कहीं और भी छिपाई गई हैं या नहीं।
पहले भी जांच एजेंसियों के रडार पर रहा टुल्लू मंडल
टुल्लू मंडल का नाम पहले भी मवेशी तस्करी और कथित अवैध खनन से जुड़े मामलों में सामने आ चुका है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और अन्य एजेंसियां पहले भी उससे जुड़े ठिकानों पर कार्रवाई कर चुकी हैं। पुलिस अब बरामद नकदी और सोने के स्रोत के साथ-साथ पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।


No comments:
Post a Comment