रुद्रा इंटरनेशनल स्कूल में सीबीएसई क्लस्टर-19 एथलेटिक्स मीट (बालिका वर्ग) का भव्य शुभारंभ
मवाना खुर्द, 23 जुलाई। रुद्रा इंटरनेशनल स्कूल, मवाना खुर्द में गुरुवार को तीन दिवसीय सीबीएसई क्लस्टर-19 एथलेटिक्स मीट (बालिका वर्ग) का भव्य शुभारंभ हुआ। 23 से 25 जुलाई तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में सीबीएसई के नोएडा एवं देहरादून रीजन के अंतर्गत पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के लगभग 200 विद्यालयों की 1000 से अधिक छात्राएं विभिन्न एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर रही हैं।
प्रतियोगिता में दौड़, लंबी कूद, ऊँची कूद, गोला फेंक, चक्र फेंक, भाला फेंक सहित विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं सीबीएसई पर्यवेक्षक डॉ. संजय चौहान, एथलेटिक्स मीट प्रबंधक एवं वर्ल्ड एथलेटिक्स रेफरी अनु कुमार, पूर्व कुलपति एन.सी. गौतम, पूर्व प्रवक्ता ओमपाल सिंह, विक्रम प्रधान तथा राजेंद्र प्रधान ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. शिवानी सिंह, उपप्रधानाचार्य निशांक त्यागी, डायरेक्टर सुमित काकरान तथा मार्केटिंग हेड साजन काकरान ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंटकर स्वागत किया। प्रधानाचार्या ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्य अतिथि डॉ. संजय चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास का सशक्त माध्यम हैं और आज की छात्राएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन एवं खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न आयु वर्गों में कई स्पर्धाओं के परिणाम घोषित किए गए। अंडर-19 वर्ग में 1500 मीटर दौड़ में अंशु, डिस्कस थ्रो में कनक तोमर, ऊँची कूद में दिव्या कपरी, ट्रिपल जंप में ऋतिक प्रजापति तथा 100 मीटर दौड़ में दिया सैनी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अंडर-17 वर्ग में डिस्कस थ्रो में गौरी तोमर, ऊँची कूद में प्रणवि जोरवाल, 1500 मीटर दौड़ में आरिका यादव, ट्रिपल जंप में कशिश तथा 100 मीटर दौड़ में आकृति पांडे विजेता रहीं। अंडर-14 वर्ग में ऊँची कूद में अनामिका तथा 100 मीटर दौड़ में हिमाद्रि भारद्वाज ने प्रथम स्थान हासिल किया।
विजेता खिलाड़ियों को प्रधानाचार्या डॉ. शिवानी सिंह ने पदक प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के सफल आयोजन में क्लस्टर इंचार्ज अमित सूद, आर्यन, पायल, मांगेराम शर्मा एवं विद्यालय के समस्त स्टाफ का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन निधि त्यागी एवं दीक्षा रस्तोगी ने किया।


No comments:
Post a Comment