15 दिन में पूरा करें आदर्श विद्यालयों का कार्य, लापरवाही पर होगी कार्रवाई: डीएम
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा विभाग की जिला टास्क फोर्स एवं विभागीय समीक्षा बैठक
मेरठ। जिलाधिकारी डॉ वी के सिंह की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा विभाग की जिला टास्क फोर्स एवं विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के बेसिक विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आदर्श विद्यालयों के निर्माण और शिक्षकों की उपस्थिति को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी डॉ वी के सिंह ने शैक्षिक सत्र 2025-26 के लिए चिन्हित 60 आदर्श विद्यालयों की विद्यालयवार प्रगति का वीडियो के माध्यम से सूक्ष्म अवलोकन किया और सभी खंड शिक्षा अधिकारियों व खंड विकास अधिकारियों को अंतिम अवसर देते हुए शेष कार्य 15 दिन के भीतर पूरा कर कार्यपूर्ति प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
डी एम ने वर्तमान शैक्षिक सत्र के लिए चयनित 60 नए विद्यालयों में विकास कार्य शीघ्र शुरू करने की कार्ययोजना प्रस्तुत करने और आवश्यक कार्य तत्काल प्रारंभ कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अधिकारियों से क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान विद्यालयों में अध्यापन करने, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने तथा शिक्षकों की नियमित उपस्थिति पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही औचक निरीक्षण बढ़ाने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि कोई भी विद्यालय निर्धारित समय से पहले बंद न हो। अनधिकृत रूप से अनुपस्थित पाए जाने वाले शिक्षकों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई कर अगली समीक्षा बैठक में अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि नगर निगम की अवस्थापना निधि से 5 करोड़ रुपये तथा मेरठ विकास प्राधिकरण से 2.5 करोड़ रुपये की स्वीकृत धनराशि से 25 बेसिक विद्यालयों का व्यापक कायाकल्प कराया जाएगा। इन विद्यालयों को 'प्रेरक विद्यालय' के रूप में विकसित कर समाज के सामने आदर्श मॉडल के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।
बैठक के अंत में अधिकारियों को सभी निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों के नैतिक एवं गुणवत्तापूर्ण विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।


No comments:
Post a Comment