ऑनलाइन और पारदर्शी काउंसलिंग से 119 गन्ना विकास निरीक्षकों को पदोन्नति व तैनाती
लखनऊ, 29 जुलाई। उत्तर प्रदेश गन्ना विकास विभाग ने पहली बार पूरी तरह ऑनलाइन और पारदर्शी काउंसलिंग प्रक्रिया के माध्यम से 119 गन्ना पर्यवेक्षकों को पदोन्नत कर गन्ना विकास निरीक्षक के पद पर तैनाती प्रदान की है। यह पदोन्नति उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज की संस्तुति के आधार पर की गई।
गन्ना आयुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा और शासन के निर्देशों के अनुरूप विभाग ने पदोन्नति प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए ऑनलाइन सॉफ्टवेयर के माध्यम से काउंसलिंग आयोजित की। प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए कर्मचारियों के 20-20 सदस्यीय बैच बनाए गए तथा प्रत्येक कर्मचारी को विभाग में उपलब्ध रिक्त पदों के आधार पर 20 तैनाती स्थलों के विकल्प चुनने की सुविधा दी गई।
इसके बाद कर्मचारियों द्वारा पोर्टल पर दर्ज वरीयता (प्रेफरेंस) और रिक्त पदों की उपलब्धता के आधार पर ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वतः एवं पारदर्शी तरीके से तैनाती का आवंटन किया गया। इस पूरी प्रक्रिया के सफल समापन के बाद 119 गन्ना विकास निरीक्षकों को पदोन्नति के साथ-साथ उनके नवीन तैनाती आदेश भी जारी कर दिए गए। विभाग ने इसे पारदर्शिता और सुशासन की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल बताया है।


No comments:
Post a Comment