ब्लिंकिट स्टोर में लगी भीषण आग से 10 लाख का सामान जलकर राख 

 कर्मचारियों ने भागकर बचाई जान

मेरठ।  सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मंगल पांडे नगर स्थित ब्लिंकिट स्टोर में गुरुवार रात भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे स्टोर को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस अग्निकांड में स्टोर में रखा लगभग 10 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया।

गुरुवार रात करीब 9 बजे स्टोर से अचानक धुआं और लपटें उठने लगीं। आग फैलते देख सभी कर्मचारी तत्काल बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर आग को आसपास की इमारतों तक फैलने से रोका।प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, दमकल विभाग के अधिकारी मौके का निरीक्षण कर आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने की वजह स्पष्ट हो सकेगी।घटना के दौरान आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। आग से उठता धुएं का घना गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया, जिससे क्षेत्र में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की सलाह दी।इस हादसे में ब्लिंकिट कंपनी को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। दमकल विभाग और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटे हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts