मेरठ के तीन और खिलाड़ी एशियन गेम्स में  चयनित

ऊंची कूद में ख्याति माथुर, 400 मीटर दौड़ में नीरू पाठक-जय कुमार ने पहली बार बनाई जगह, पारुल पहले ही कर चुकी हैंक्वालिफाई

मेरठ। ओडिशा के भुवनेश्वर में आयोजित 65 वीं राष्ट्रीय अंतरराज्यीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शुक्रवार का दिन मेरठ के लिए ऐतिहासिक साबित हुआ। शहर के तीन खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहली बार 2026 एशियन गेम्स के लिए क्वालीफाई किया। इससे पहले मेरठ की स्टार एथलीट पारुल चौधरी भी दो स्पर्धाओं में एशियन गेम्स का टिकट हासिल कर चुकी हैं। अब मेरठ के चार खिलाड़ी जापान में होने वाले एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

ऊंची कूद स्पर्धा में ख्याति माथुर ने 1.80 मीटर की सफल छलांग लगाकर एशियन गेम्स का क्वालीफिकेशन मार्क हासिल किया और जापान में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक होने वाले 20वें एशियन गेम्स के लिए अपनी जगह पक्की कर ली। वहीं 400 मीटर स्पर्धा में मेरठ की नीरू पाठक ने महिला टीम और जब कुमार ने पुरुष टीम में स्थान बनाते हुए पहली बार एशियन गेम्स के लिए क्वालीफाई किया।

मेरठ की स्टार धाविका पारुल चौधरी इससे पहले ही 3000 मीटर स्टीपलचेज और 5000 मीटर दौड़ में एशियन गेम्स के लिए क्वालीफाई कर चुकी हैं। हालांकि उन्होंने राष्ट्रीय चैंपियनशिप में 1500 मीटर दौड़ का स्वर्ण पदक भी अपने नाम किया, लेकिन इस स्पर्धा में क्वालीफिकेशन समय से मामूली अंतर से चूक गईं।

राष्ट्रीय चैंपियनशिप में मेरठ की ऊंची कूद खिलाड़ी मानसी तोमर और रीत राठौर ने भी हिस्सा लिया। प्रतियोगिता से पहले हुई बारिश के कारण परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण रहीं और दोनों खिलाड़ी 1.80 मीटर का क्वालीफिकेशन मार्क पार नहीं कर सकीं।

कोच के मार्गदर्शन ने दिलाई एशियन गेम्स की राह

मेरठ के खिलाड़ियों की इस सफलता के पीछे उनके प्रशिक्षकों की मेहनत भी अहम रही। जय कुमार और नीरू पाठक एनएएस अकादमी में कोच विशाल सक्सेना और अमित सक्सेना के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रहे हैं। वहीं ख्याति माथुर, मानसी तोमर और रीत राठौर कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में कोच गौरव त्यागी से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। मेरठ स्टार एथलीट पारूल चौधरी भी अपने करियर के शुरुआती दौर में कोच गौरव त्यागी से प्रशिक्षण ले चुकी हैं। जिला एथलेटिक्स संघ मेरठ ने खिलाड़ियों, उनके प्रशिक्षकों और अभिभावकों को इस उपलब्धि पर बधाई दी है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts