यूपी में परिवहन विभाग में बडा फेरबदल, बदले कई जिलों के क्षेत्रीय प्रबंधक
लखनऊ। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की प्रबंधकीय और प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ व गतिशील बनाने के लिए शासन ने बड़ा कदम उठाया है। परिवहन निगम मुख्यालय द्वारा जारी आदेश के तहत बड़े स्तर पर क्षेत्रीय प्रबंधकों , सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों और यातायात अधीक्षकों के कार्यक्षेत्र में भारी फेरबदल किया गया है। इस बंपर तबादला सूची में राजधानी लखनऊ समेत अयोध्या, मुरादाबाद, मेरठ, बरेली और झांसी जैसे प्रमुख परिवहन क्षेत्रों के प्रबंधकों को इधर से उधर किया गया है, जिससे निगम की कार्यप्रणाली में तेजी लाई जा सके।
शासन से जारी आधिकारिक सूची के अनुसार, अयोध्या में तैनात क्षेत्रीय प्रबंधक विमल राजन को अब राजधानी लखनऊ का नया क्षेत्रीय प्रबंधक (RM) नियुक्त किया गया है। वहीं, अभी तक लखनऊ में क्षेत्रीय प्रबंधक के पद पर तैनात रहे प्रधान प्रबंधक व परिवहन निगम के अधिकृत प्रवक्ता अमरनाथ सहाय को इस पद से हटाकर वापस मुख्यालय संबद्ध कर दिया गया है। इसके साथ ही मुख्यालय पर तैनात रहीं अंबरीन अख्तर को मुरादाबाद का नया क्षेत्रीय प्रबंधक बनाया गया है। मुख्यालय पर ही तैनात एआरएम गौरव वर्मा को प्रोन्नत/स्थानांतरित करते हुए हरदोई का प्रभारी क्षेत्रीय प्रबंधक (प्रभारी आरएम) नियुक्त किया गया है।
दीपक चौधरी मेरठ के नए क्षेत्रीय प्रबंधक बने
बरेली में तैनात क्षेत्र प्रबंधक दीपक चौधरी को अब मेरठ का नया क्षेत्रीय प्रबंधक बनाया गया है। जबकि मेरठ के क्षेत्रीय प्रबंधक संदीप कुमार नायक को उनके पद से हटाकर परिवहन निगम मुख्यालय, लखनऊ से संबद्ध (अटैच) कर दिया गया है। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (प्राविधिक)/प्रभारी सेवा प्रबंधक मोहम्मद अजीम को बरेली के क्षेत्रीय प्रबंधक का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। गोंडा डिपो में तैनात एआरएम कपिल देव को इटावा का प्रभारी क्षेत्रीय प्रबंधक और मुख्यालय पर तैनात एआरएम (संचालन) उमेश चंद सिंह आर्य को झांसी का नया क्षेत्रीय प्रबंधक बनाया गया है।
कानूनी विंग और डिपो स्तर फेरबदल
परिवहन निगम ने अपनी कानूनी विंग में भी फेरबदल किया है। गोरखपुर क्षेत्र में तैनात सहायक विधि अधिकारी राम अवध यादव को लखनऊ क्षेत्र का सहायक विधि अधिकारी बनाया गया है, जबकि लखनऊ में तैनात सहायक प्रबंधक विधि महेंद्र प्रताप सिंह को गोरखपुर क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है। जबकि डिपो स्तर पर, बरेली क्षेत्र के एआरएम पवन कुमार श्रीवास्तव को आगरा क्षेत्र के फाउंड्री नगर डिपो का एआरएम बनाया गया है। वाराणसी क्षेत्र में तैनात सीनियर फोरमैन ग्रेड वन नंदलाल को पदोन्नति देते हुए सोनभद्र डिपो का सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) नियुक्त किया गया है। इसके अलावा सोनभद्र डिपो के एआरएम विश्राम को गोरखपुर डिपो भेजा गया है, जबकि चंदौली डिपो के एआरएम सुनील दत्त को हटाकर लखनऊ के कार सेक्शन का एआरएम बनाया गया है। कानपुर क्षेत्र में तैनात एआरएम कपिल देव को विकास नगर डिपो भेजा गया है।
यातायात अधीक्षकों को एआरएम पदों की नई जिम्मेदारी
इस फेरबदल में बड़ी संख्या में यातायात अधीक्षकों को प्रभार सौंपे गए हैं। यातायात अधीक्षक शिवपूजन को बेवर डिपो, सूबेदार सिंह को चंदौली डिपो, सारिका शर्मा को बुद्ध विहार डिपो, सीमा शिवहरे को ईदगाह डिपो, स्नेह लता को जौनपुर डिपो, धर्मेंद्र कुमार चौबे को अयोध्या डिपो, देशराज को बांदा डिपो और आयुष भटनागर को गोंडा डिपो का सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) बनाया गया है। इसके अलावा दिनेश कुमार यादव को कन्नौज डिपो, रामदास को प्रयागराज के लीडर रोड डिपो, आदित्य प्रकाश को रायबरेली डिपो और संजीव कुमार श्रीवास्तव को बाराबंकी डिपो की कमान सौंपी गई है। कुंवर हरिओम श्रीवास्तव को बलिया डिपो का एआरएम बनाया गया है।
महिला अधिकारियों को दिए प्रशासनिक अधिकार
निगम ने महिला अफसरों पर भी बड़ा भरोसा जताया है। यातायात अधीक्षक व प्रभारी एआरएम राजवती को अब रामपुर डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक का पूर्ण वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकार भी सौंप दिया गया है। अतरौली डिपो के प्रभारी राजीव कुमार को हाथरस डिपो का अतिरिक्त प्रभार मिला है। वहीं कल्पना श्रीवास्तव को बस्ती डिपो, समीना अंजुम को ग्रेटर नोएडा डिपो में प्रभारी एआरएम और अभिनव सोनकर को फजलगंज डिपो में प्रभारी सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) के पद पर तैनात किया गया है। मुख्यालय ने सभी अफसरों को तत्काल प्रभाव से ज्वाइन करने के निर्देश दिए हैं।


No comments:
Post a Comment