मेरठ में जगदीश प्रसाद शुक्ल व राजीव कुमार यादव बागपत के नए डीआईओ होंगे
यूपी के माध्यमिक शिक्षा विभाग में भारी फेरबदल, मेरठ ,मुजफ्फरनगर, बागपत व सहारनपुर समेत 27 जिलों में बदले डीआईओएस
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने रविवार को प्रशासनिक अमले में एक बहुत बड़ा फेरबदल करते हुए माध्यमिक शिक्षा विभाग में बड़े पैमाने पर अफसरों के तबादले कर दिए हैं। इस बड़ी प्रशासनिक सर्जरी के तहत सूबे के 27 जिलों में नए जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) तैनात किए गए हैं। वहीं कई संयुक्त शिक्षा निदेशकों, उप शिक्षा निदेशकों और अपर शिक्षा निदेशकों के कार्यक्षेत्र भी बदल दिए गए हैं। रविवार की छुट्टी के दिन अचानक हुए इस भारी फेरबदल से शिक्षा विभाग के गलियारों में हड़कंप मच गया है। सरकार के इस कदम को शैक्षणिक व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने और विभागीय कार्यप्रणाली में कसावट लाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
नए आदेशों के मुताबिक, राजधानी लखनऊ के जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी अब देवेंद्र कुमार पांडेय को सौंपी गई है। औद्योगिक और हाई-प्रोफाइल जिलों की बात करें, तो प्रवीण कुमार तिवारी को कानपुर नगर, चंद्रशेखर को गौतमबुद्धनगर (नोएडा) और बुद्ध प्रिय सिंह को गाजियाबाद का नया डीआईओएस नियुक्त किया गया है। इसके अलावा संतोष कुमार राय को संगम नगरी प्रयागराज, राघवेंद्र सिंह को कान्हा की नगरी मथुरा और अमिता सिंह को बाराबंकी की कमान सौंपी गई है। शैक्षणिक सत्र के सुचारू संचालन और प्रशासनिक पारदर्शिता को बढ़ाने के लिए यह फेरबदल जरूरी था। सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए तैनाती स्थलों पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
इन जिलों के में नए जिला विद्यालय निरीक्षक तैनात
शासन द्वारा जारी आधिकारिक सूची के अनुसार, नवनियुक्त जिला विद्यालय निरीक्षकों की नियुक्तियो्ं के तहत मुजफ्फरनगर में हरिकेश यादव, मेरठ में जगदीश प्रसाद शुक्ल, बिजनौर में धर्मेंद्र कुमार सक्सेना, सहारनपुर में जय करन यादव, बागपत में राजीव कुमार यादव, लखनऊ में देवेंद्र कुमार पांडेय, कानपुर नगर में प्रवीण कुमार तिवारी, गौतमबुद्धनगर में चंद्रशेखर, गाजियाबाद में बुद्ध प्रिय सिंह,प्रयागराज में संतोष कुमार राय, मथुरा में राघवेंद्र सिंह, हरदोई में अरविंद कुमार पाठक आगरा में रविंद्र पाल सिंह (प्रभारी), फिरोजाबाद में मुदिता पांडेय (प्रभारी), फर्रुखाबाद में संजीव कुमार (प्रभारी), जौनपुर में देवेंद्र कुमार सिंह (प्रभारी), बाराबंकी में अमिता सिंह, बलिया में मनोज कुमार मिश्र, कौशांबी में लालू बाबू मौर्य, पीलीभीत में विजय कुमार, कासगंज में रजनीश कुमार दिवाकर, चंदौली में धर्मेंद्र कुमार सिंह, देवरिया में हरीश चंद्र नाथ नए डीआईओएस होंगे।
परिषद और बोर्ड स्तर पर फेरबदल
जिलों में डीआईओएस बदलने के साथ-साथ शासन ने मुख्यालय स्तर पर भी कुछ महत्वपूर्ण तैनातियां की हैं। इसके तहत उप शिक्षा निदेशक ओम प्रकाश त्रिपाठी को अब संस्कृत शिक्षा परिषद (लखनऊ) का नया सचिव बनाया गया है। वहीं, स्कंद शुक्ल को माध्यमिक शिक्षा परिषद (प्रयागराज) में अपर सचिव (पाठ्य पुस्तक) की बड़ी और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। माना जा रहा है कि इस बड़े फेरबदल के बाद आने वाले दिनों में माध्यमिक शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।


No comments:
Post a Comment