फरीदाबाद में नकली नोट छापने वाले अंतरराज्यीय रैकेट का भंडाफोड़

अलीगढ़ का शातिर गिरफ्तार, राजस्थान पुलिस ने मारा छापा, 3 प्रिंटर और कार बरामद

पुलिस ने जाल बिछाकर हरियाणा के बसंतपुर में अर्टिगा कार को घेरा

फरीदाबाद/अलीगढ़/दौसा। राजस्थान की दौसा कोतवाली थाना पुलिस ने नकली नोटों के काले कारोबार के खिलाफ एक बड़ी अंतरराज्यीय कार्रवाई को अंजाम दिया है। दौसा पुलिस ने खुफिया सूचना के आधार पर हरियाणा के फरीदाबाद में छापेमारी कर नकली नोट छापने और उनकी सप्लाई करने वाले गिरोह के यूपी में अलीगढ़ निवासी एक मुख्य सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अर्टिगा कार, तीन आधुनिक प्रिंटिंग मशीनें और भारी मात्रा में संदिग्ध नकली नोट बरामद किए हैं। पुलिस को अंदेशा है कि यह नेटवर्क कई राज्यों में फैला हुआ है।

इस पूरे सनसनीखेज मामले का खुलासा तब हुआ जब दौसा कोतवाली पुलिस ने मोड़ा बालाजी रोड के पास से आयुष मीणा नामक एक युवक को दबोचा। तलाशी के दौरान आयुष के पास से 500-500 रुपये के 80 नकली नोट (कुल 40,000 रुपये) बरामद हुए। जब पुलिस ने आयुष से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने पूरा राज उगल दिया और बताया कि यह तो सिर्फ सप्लाई की एक छोटी खेप है। उसने पुलिस को बताया कि एक अर्टिगा कार के जरिए नकली नोटों को छापने वाले उपकरण और तैयार करंसी की बड़ी खेप फरीदाबाद की तरफ ले जाई जा रही है। राजस्थान में पकड़ा गया आरोपी बेहद शातिर है और कार को ही चलता-फिरता प्रिंटिंग प्रेस बनाए हुए था। बरामद प्रिंटर हाई-क्वालिटी के हैं। नेटवर्क के अन्य साथियों की तलाश जारी है।

अलीगढ़ का निकला मास्टरमाइंड आरोपी

इनपुट मिलते ही दौसा पुलिस की एक विशेष टीम ने संदिग्ध कार का पीछा करना शुरू किया। तकनीकी सर्विलांस और सटीक इनपुट के सहारे राजस्थान पुलिस हरियाणा के फरीदाबाद जिले के बसंतपुर क्षेत्र में जा पहुंची। यहां पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध अर्टिगा कार को जबरन रुकवा लिया। कार की तलाशी लेने पर पुलिस के होश उड़ गए। कार के अंदर तीन हाई-टेक प्रिंटर और भारी मात्रा में संदिग्ध नकली नोट रखे हुए थे। कार चला रहे आरोपी की पहचान संतोष (32) पुत्र अज्ञात, निवासी ग्राम तारापुर, जिला अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

आरोपी को राजस्थान ले गई पुलिस

फरीदाबाद के बसंतपुर इलाके में राजस्थान पुलिस की इस अचानक और ताबड़तोड़ कार्रवाई से स्थानीय क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मौके पर भारी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही फरीदाबाद की स्थानीय पुलिस भी सहयोग के लिए मौके पर पहुंच गई। राजस्थान पुलिस ने बरामद सभी उपकरणों, कार और नकली करंसी को कानूनी प्रक्रिया के तहत सील कर अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि आरोपी संतोष को गिरफ्तार कर दौसा ले जाया गया है, जहां अदालत से रिमांड लेकर पूछताछ की जाएगी। पुलिस को उम्मीद है कि इस रैकेट से जुड़े कई अन्य चेहरों और सप्लायरों के नामों का जल्द ही खुलासा होगा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts