बिजली चोरी पकड़ने पहुंची विजिलेंस टीम पर पथराव

छत से बरसाए पत्थर, जान बचाकर भागे कर्मचारी

 कार्रवाई करने की तैयारी में जुटा बिजली विभाग 

मेरठ।  कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित गोला कुआं इलाके में बिजली चोरी की जांच करने पहुंची विजिलेंस टीम पर बुधवार तड़के हमला कर दिया गया। आरोप है कि टीम जैसे ही एक मकान पर जांच के लिए पहुंची, वहां मौजूद लोगों ने छत से पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले से टीम में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारियों को जान बचाकर मौके से भागना पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। विभागीय अधिकारियों ने सरकारी टीम पर हमले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ बिजली चोरी, सरकारी कार्य में बाधा और हमले समेत विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।

छह महीने पहले पकड़ी गई थी बिजली चोरी

जानकारी के अनुसार गोला कुआं निवासी तनवीर पावरलूम का कारोबार करता है। करीब छह माह पहले बिजली विभाग ने उसके यहां छापेमारी कर बिजली चोरी पकड़ी थी। विभाग ने उसका मीटर हटाकर करीब आठ लाख रुपये का जुर्माना लगाया था। अधिकारियों का कहना है कि जुर्माना जमा नहीं करने के कारण उसे नया कनेक्शन जारी नहीं किया गया था।

गाजियाबाद से मीटर लाकर चलाने का आरोप

विभागीय अधिकारियों के मुताबिक जुर्माना जमा न करने के बावजूद तनवीर ने कथित तौर पर गाजियाबाद से एक मीटर की व्यवस्था कर उसे अपने मकान पर लगवा लिया और बिजली का उपयोग करने लगा। शिकायत मिलने पर विभागीय टीम ने कुछ दिन पहले उस मीटर को भी जब्त कर लिया था।

जांच करने पहुंची टीम पर बरसाए पत्थर

बुधवार सुबह करीब पांच बजे विजिलेंस टीम मामले की जांच और सत्यापन के लिए तनवीर के घर पहुंची थी। आरोप है कि उस समय मकान पर कटिया डालकर बिजली चोरी की जा रही थी। टीम ने जैसे ही दरवाजा खटखटाया, तनवीर ने अपने साथियों ओसामा, नबील और जक्सान के साथ मिलकर छत से पथराव शुरू कर दिया।

पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज

अचानक हुए हमले से विजिलेंस कर्मियों में भगदड़ मच गई। कर्मचारियों ने किसी तरह मौके से निकलकर खुद को सुरक्षित किया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी फरार हो गए। अब पुलिस उनकी तलाश में जुटी है और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

जांच के बाद होगी सख्त कार्रवाई

कोतवाली थाना प्रभारी पंकज सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी ली जा रही है। यदि जांच में विजिलेंस टीम पर पथराव और सरकारी कार्य में बाधा डालने की पुष्टि होती है, तो आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सरकारी टीम पर हमले की इस घटना को पुलिस और विभाग दोनों गंभीरता से ले रहे हैं।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts