मेरठ में 'चींटी जनता पार्टी' का उदय
'कॉकरोच' के जवाब में आई 'चींटी', पूर्व भाजपा नेता अनूप राघव ने रखी नींव
1857 की क्रांतिधरा से होगी नई राजनीतिक शुरुआत, भ्रष्टाचार मुक्त भारत का संकल्प
मेरठ। उत्तर प्रदेश की राजनीतिक बिसात पर समय-समय पर बेहद अनूठे और अतरंगे प्रयोग देखने को मिलते रहे हैं। इसी कड़ी में अब 'कॉकरोच जनता पार्टी' के जवाब में क्रांतिधरा मेरठ से 'चींटी जनता पार्टी' (सीजेपी) का उदय हुआ है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व नेता और एडवोकेट अनूप राघव ने इस नए दल की आधिकारिक नींव रखी है। उनका दृढ़ दावा है कि जिस तरह साल 1857 में देश के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की नींव मेरठ शहर से रखी गई थी, ठीक उसी तरह देश से भ्रष्टाचार के खात्मे की शुरुआत भी इसी ऐतिहासिक शहर से होगी और यह भगीरथ काम 'चींटी जनता पार्टी' पूरी ईमानदारी से करेगी।
शहर के गढ़ रोड स्थित जनकपुरी के निवासी एडवोकेट अनूप राघव पूर्व में भाजपा श्रम प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष जैसी महत्वपूर्ण और संगठनात्मक जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वर्ष 2014 के बाद से भाजपा में राजनीतिक रूप से काफी हद तक निष्क्रिय चल रहे राघव ने अब सिस्टम में फैले भ्रष्टाचार के खिलाफ एक नया मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि 'कॉकरोच जनता पार्टी' का गठन देश विरोधी मानसिकता के लोगों ने किया है, जिसके करारे जवाब में उन्होंने देश के ईमानदार और राष्ट्रप्रेमी लोगों के लिए 'चींटी जनता पार्टी' (CJP) को धरातल पर उतारा है। राघव के अनुसार, चींटी का मूल स्वभाव बिना थके, लगातार और पूरी ईमानदारी से काम करना होता है और वह सामूहिक शक्ति से अपनी राह में आने वाली बड़ी से बड़ी बाधाओं को भी हटा देती है; उनकी नई पार्टी भी इसी सिद्धांत को अपनाकर आगे बढ़ेगी।
भ्रष्टाचार रोकने को काम करेगी 'चींटी की नजर'
पार्टी के गठन के साथ ही इसके व्यापक विस्तार के लिए भारत निर्वाचन आयोग में पंजीकृत कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और आवश्यक दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं। सीजेपी का सदस्यता शुल्क मात्र दस रुपये रखा गया है और इसका मूल संकल्प-'खेती, मेहनत और सम्मान' तय किया गया है। सरकारी दफ्तरों में रिश्वतखोरी पर सीधे प्रहार के लिए पार्टी ने '24 घंटे और सातों दिन' काम करने वाली एक विशेष 'भ्रष्टाचार हेल्पलाइन' शुरू करने का भी ऐलान किया है। राघव का मानना है कि चूंकि यह पार्टी सीधे आम आदमी की रगों और उनकी बुनियादी समस्याओं से जुड़ी है, इसलिए इसे आने वाले समय में मेरठ ही नहीं बल्कि पूरे सूबे में समाज के हर वर्ग का भरपूर और ऐतिहासिक समर्थन मिलेगा।
5 सूत्रीय संकल्प: किसानों को 50% मुनाफे की गारंटी और मुफ्त शिक्षा का वादा
चींटी जनता पार्टी ने समाज के शोषित और मध्यम वर्ग को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए पांच मुख्य बुनियादी वादे जनता की अदालत में पेश किए हैं।
किसान और मजदूर: किसानों को उनकी फसल की कुल लागत पर 50 प्रतिशत मुनाफे के साथ एमएसपी (MSP) की पुख्ता कानूनी गारंटी दिलाना और मजदूरों के लिए 'मजदूर सम्मान कार्ड' जारी कर 12 हजार रुपये प्रति महीना न्यूनतम मजदूरी सुनिश्चित करना।
रोजगार और ग्राम विकास: 'गांव रोजगार मिशन' के तहत उत्तर प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में कम से कम 100 नए रोजगार के अवसरों का सृजन करना।
शिक्षा क्रांति: प्रदेश में कक्षा 12वीं तक की शिक्षा पूरी तरह मुफ्त करना और हर गांव में अत्याधुनिक डिजिटल स्मार्ट क्लास का निर्माण करवाना।
मूलभूत सुविधाएं: हर नागरिक को बुनियादी हक के तहत नल से जल, पक्की सड़कें, 24 घंटे निर्बाध बिजली और ग्रामीण स्तर पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की सुगम सुविधा उपलब्ध कराना।
ये रहेंगे अनोखे नारे
इसके साथ ही जनता की जुबान पर चढ़ने के लिए कई बेहद दिलचस्प और धारदार नारे भी सार्वजनिक किए गए हैं।
ना नेता की कोठी, ना अफसर की नोटी, अब चलेगी ईमानदारी की चींटी
रिश्वतखोर को जेल, ईमानदार को मेडल
हर ऑफिस में सीसीटीवी-चींटी की नजर
बड़े-बड़े खा गए देश को, अब चींटी बचाएगी देश को


No comments:
Post a Comment