एनएचएआई का बड़ा फैसला
अब राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर आसानी से मिलेंगी पंचर और गाड़ी मरम्मत की सुविधाएं
देशभर में अब एक्सप्रेसवे पर सफर होगा और भी महफूज़
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर सफर करने वाले करोड़ों साफिरों और माल ढुलाई करने वाले कमर्शियल वाहन चालकों के लिए केंद्र सरकार की ओर से एक बड़ी और राहत भरी खबर आई है।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी 'नेशनल हाइवेज लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट लिमिटेड' (NHLML) ने देश भर के अपने सभी क्षेत्रीय कार्यालयों को एक कड़ा और महत्वपूर्ण निर्देश जारी किया है। इस नए आदेश के तहत अब देश के सभी नेशनल हाईवे और एक्सप्रेसवे पर 'वेसाइड एमेनिटीज' (सड़क किनारे मिलने वाली जनसुविधाओं) के अंतर्गत जल्द से जल्द वाहन मरम्मत (Repair) की दुकानें और पंचर ठीक करने की आधुनिक सेवाएं स्थापित की जाएंगी।
अक्सर देखा गया है कि एक्सप्रेसवे या हाईवे पर अचानक टायर फटने, पंचर होने या गाड़ी में कोई तकनीकी खराबी आने पर यात्रियों को मीलों तक कोई मैकेनिक नहीं मिलता। ऐसी आपातकालीन स्थिति में न केवल यात्रियों का कीमती समय बर्बाद होता है, बल्कि सुनसान रास्तों पर सुरक्षा को लेकर भी बड़ा जोखिम खड़ा हो जाता है। सरकार की इस नई पहल का मुख्य उद्देश्य वाहनों की खराबी की स्थिति में लगने वाले समय को कम करना, सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाना और यात्रियों के साथ-साथ लॉजिस्टिक्स (माल ढुलाई) ऑपरेटरों को त्वरित व समयबद्ध सहायता सुनिश्चित करना है।
पीपीपी मॉडल के तहत विकसित होगा 'सर्विस नेटवर्क'
NHLML वर्तमान में देश भर के मुख्य मार्गों पर सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल के तहत दीर्घकालिक पट्टे (Long-term Lease) पर सड़क किनारे आधुनिक जनसुविधा केंद्रों (WSA) का एक विशाल नेटवर्क तैयार कर रहा है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, इन केंद्रों पर अनुबंध के तहत पहले से निर्धारित अनिवार्य सुविधाओं (जैसे फूड कोर्ट, टॉयलेट आदि) के अलावा वाहन मरम्मत और पंचर ठीक करने के इंफ्रास्ट्रक्चर को संविदात्मक ढांचे के भीतर विशेष रूप से शामिल किया गया है। अब निजी रियायतकर्ताओं और पट्टेदारों को इन दुकानों का निर्माण तेजी से करना होगा।
एक ही छत के नीचे मिलेंगी सभी विश्वस्तरीय सुविधाएं
इन राष्ट्रीय राजमार्ग केंद्रों (WSA) को 'एकीकृत सेवा केंद्रों' (Integrated Service Hubs) के रूप में परिकल्पित किया गया है। यहाँ रुककर यात्री न केवल आराम कर सकेंगे, बल्कि अपने वाहनों की किसी भी आपातकालीन तकनीकी खराबी को भी तुरंत ठीक करवा सकेंगे। इस स्तर का इंफ्रास्ट्रक्चर भारत में विश्वस्तरीय राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क के निर्माण और उपयोगकर्ताओं को निर्बाध (Seamless) परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने के व्यापक लक्ष्य को गति देगा।
यूजर-केंद्रित विकास के लिए कटिबद्ध है एनएचएआई
यह नीतिगत निर्णय सुरक्षित और उपयोगकर्ता-केंद्रित राष्ट्रीय राजमार्ग गलियारों को विकसित करने की दिशा में NHAI की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है। प्राधिकरण का मानना है कि इन सुविधाओं के सुचारू रूप से शुरू होने के बाद न केवल देश के आर्थिक विकास और लॉजिस्टिक्स चेन को मजबूती मिलेगी, बल्कि आम आदमी का हाईवे पर सफर करने का अनुभव भी बेहद सुखद और तनावमुक्त हो जाएगा।


No comments:
Post a Comment