‘टीम RLD’ चुनावी प्रबंधन अभियान के तहत गांव और वार्ड स्तर पर जनसंगठन की नई पहल
नई दिल्ली, 18 जून।राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं माननीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय तथा राज्य मंत्री, शिक्षा मंत्रालय, श्री जयंत चौधरी जी के निवास स्थान 25, तुगलक रोड, नई दिल्ली पर आज एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर पार्टी के विभिन्न स्तर के पदाधिकारियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। इस बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय एवं जिला स्तर के वरिष्ठ नेताओं, राज्य पदाधिकारियों और संगठन प्रभारियों ने भाग लिया।
बैठक में विचार-विमर्श के उपरांत पार्टी ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए ‘टीम RLD’ के गठन की जानकारी दी। यह एक समर्पित सहायक संगठन होगा, जो गांव और वार्ड स्तर पर जनसंगठन और जमीनी तैयारी पर केंद्रित रहेगा। यह टीम राज्य कमांड से लेकर जिला, विधानसभा तथा गांव/वार्ड स्तर तक एक सुव्यवस्थित और जवाबदेह ढांचे में कार्य करेगी।
इसके अंतर्गत प्रत्येक गांव और वार्ड में एक जिम्मेदार संपर्क सूत्र एवं सक्रिय कार्यकर्ता नियुक्त किए जाएंगे, जो मतदाताओं से निरंतर संपर्क बनाए रखेंगे तथा पार्टी और जनता के बीच एक सशक्त सेतु का कार्य करेंगे। इस ढांचे के माध्यम से पार्टी का लक्ष्य ऐसा जमीनी संगठन खड़ा करना है, जो चुनाव के दिन तक निरंतर और अनुशासित ढंग से सक्रिय रहे।
बैठक के दौरान पार्टी नेतृत्व ने इस बात पर विशेष बल दिया कि लोकतंत्र में प्रत्येक वोट का महत्व है और पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता इस जिम्मेदारी को समझे कि मतदान के दिन हर पात्र मतदाता तक पहुंचना और उसे मतदान केंद्र तक लाना उसका कर्तव्य है।


No comments:
Post a Comment