लापरवाही नयी नवेली दुल्हन व दुल्हे को पड़ी भारी
सनरूफ खोलकर कर पहाड़ों पर ले रहे थे सेल्फी , कटा 2500 का चालान
चंबा/कुल्लू: हिमाचल प्रदेश में गाड़ियों के सनरूफ से बाहर निकलकर सफर करने का चलन लोगों के लिए परेशानी का कारण बनता जा रहा है। शादी हो या घूमने का प्लान, कई लोग वीडियो और फोटो के चक्कर में अपनी जान जोखिम में डाल देते हैं। ऐसा ही मामला चंबा जिले से सामने आया, जहां शादी के दिन ही दूल्हा-दुल्हन की कार पर पुलिस ने कार्रवाई कर दी। इस लापरवाही पर पुलिस ने नव दंपत्ति का 2500 का चालान काटा ।
जानकारी के अनुसार, चंबा-भरमौर मार्ग पर एक बारात जा रही थी. इस दौरान दूल्हा-दुल्हन सनरूफ वाली कार में सफर कर रहे थे और गाड़ी की छत खोलकर बाहर नजर आ रहे थे। पहाड़ी रास्ते पर इस तरह सफर करना बेहद खतरनाक हो सकता था, क्योंकि इस क्षेत्र में कई जगहों पर पत्थर गिरने और भूस्खलन का खतरा बना रहता है। मामला पुलिस की नजर में आने के बाद गाड़ी को रोका गया और नियमों का उल्लंघन करने पर चालान किया गया। पुलिस ने दूल्हा-दुल्हन को समझाया कि पहाड़ी क्षेत्रों में इस तरह की लापरवाही बड़ा हादसा कर सकती है।
पुलिस ने काटा 2500 रुपये का चालान
एएसपी दिनेश ने बताया कि वाहन को रोककर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने 2500 रुपये का चालान काटा और वाहन चालक को आगे से इस तरह सफर न करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि पहाड़ी इलाकों में अचानक पत्थर गिरने या किसी दुर्घटना की स्थिति में सनरूफ से बाहर निकला व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो सकता है।
मनाली में भी टूरिस्ट पर हुई कार्रवाई
वहीं, ऐसा ही एक मामला पर्यटन नगरी मनाली से भी सामने आया है. यहां पंजाब से आए एक पर्यटक को चलती गाड़ी के सनरूफ से बाहर निकलकर सेल्फी लेना भारी पड़ गया। मनाली-पतलीकूहल मार्ग के पास 15 मील क्षेत्र में एक टूरिस्ट वाहन में सवार व्यक्ति सनरूफ से बाहर निकलकर वीडियो और सेल्फी ले रहा था। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की।
पुलिस ने लगाया 3500 रुपये का जुर्माना
मनाली पुलिस ने वीडियो के आधार पर वाहन की पहचान कर मोटर वाहन अधिनियम के तहत 3500 रुपये का चालान किया। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि वाहन मालिक के खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि आजकल कई पर्यटक रील और वीडियो बनाने के लिए चलते वाहन में बाहर निकल जाते हैं, जो अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है।
हिमाचल पुलिस की लोगों और पर्यटकों से अपील
हिमाचल में ऐसे कई वीडियो सामने आ चुके हैं, जिनमें लोग गाड़ी की खिड़की या सनरूफ से बाहर निकलकर स्टंट करते दिखाई देते हैं। पुलिस लगातार ऐसे मामलों में कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यात्रा के दौरान यातायात नियमों का पालन करें और फोटो या वीडियो के लिए अपनी सुरक्षा को खतरे में न डालें।


No comments:
Post a Comment