शादी ऐन पहले दुल्हे को दी जान से मारने की धमकी
धमकी देने वाला बोला बरात लेकर पहुंचे तो बिछा दी जाएगी लोगों की लाशें
मेरठ। मेरठ के सरधना थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक दूल्हे को उसकी शादी से ऐन पहले जान से मारने की धमकी दी गई है। इस मामले में दूल्हे कार्तिक की शिकायत पर पुलिस ने दुल्हन के गांव के दो युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
छबड़िया गांव निवासी कार्तिक की 19 जून को मुजफ्फरनगर में बरात जानी है। शादी से कुछ दिन पहले ही कार्तिक को फोन पर ऐसी धमकी दी गई है कि अगर वह बरात लेकर पहुंचा तो उसके और उसके साथ आने वाले लोगों की लाशें बिछा दी जाएंगी।
कार्तिक ने पुलिस को दी अपनी तहरीर में बताया है कि उसका विवाह 19 जून को थाना कोतवाली, जनपद मुजफ्फरनगर के एक गांव की युवती के साथ तय हुआ है। तीन जून की रात को उसके मोबाइल पर खावाजहापुर निवासी गौरव दलाल और उसके दोस्त अर्जुन राणा का फोन आया। आरोप है कि दोनों ने फोन पर उसे बरात लेकर आने पर गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि वह बरात लेकर गांव पहुंचा तो उसे जान से मार दिया जाएगा और उसके साथ बरात में शामिल होने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
दूल्हे कार्तिक ने बताया कि उसके पास इन आरोपियों द्वारा दी गई धमकी की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी मौजूद है। उसने इस ऑडियो रिकॉर्डिंग को पुलिस को सौंपते हुए अपनी और अपने परिजनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने शुरू की जांच, कार्रवाई का आश्वासन
इस गंभीर मामले को संज्ञान में लेते हुए सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि दूल्हे कार्तिक की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि मामले की गहनता से जांच की जाएगी और धमकी वाली ऑडियो रिकॉर्डिंग को भी जांच का हिस्सा बनाया जाएगा। पुलिस आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया है।


No comments:
Post a Comment