31 दिनों के बाद कब्र से निकाला महिला शव
ससुरालीजन ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही उसका दफीना कर दिया था
परिजन बोले- गले पर देखा था नीला निशान, सीने पर खरोंच थी; पुलिस कराएगी पोस्टमार्टम
मेरठ। थाना लिसाडी गेट के समर गार्डन में मौत के 31 दिन बाद एक महिला का शव कब्र से निकाला गया। उसकी संदिग्ध हालात में मौत होने के बाद से ही परिजन शिकायतें कर रहे थे। हालांकि ससुरालीजन ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही उसका दफीना कर दिया था।मौत के 17 दिनों तक जब पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो मृतक की मां ने एसएसपी से गुहार लगाई थी। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने मौत की सही वजह पता लगाने के लिए शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
समर गार्डन में 9 मई को एक विवाहिता हिना की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने बिना पुलिस को सूचना दिए शव का दफीना कर दिया था।
परीक्षितगढ़ क्षेत्र के अमरसिंहपुर गांव निवासी रुखसाना ने एसएसपी को बताया था कि उनकी बेटी हिना की शादी छह वर्ष पूर्व लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के समर गार्डन निवासी सुऐब पुत्र सकील के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहा था। आरोप है कि बाइक, सोने की चेन और डबल बेड की मांग को लेकर हिना का लगातार उत्पीड़न किया जाता था।
परिजनों के अनुसार 8 मई को हिना ने अपनी मां को फोन कर रोते हुए बताया था कि यदि दहेज की मांग पूरी नहीं हुई तो ससुराल वाले उसे जान से मार देंगे। इसके अगले ही दिन 9 मई को परिवार को सूचना मिली कि हिना की हार्ट अटैक से मौत हो गई है।
शव देखने पर हुआ था संदेह
मायके पक्ष का आरोप है कि जब वे ससुराल पहुंचे तो पहले उन्हें हिना का शव नहीं दिखाया गया। काफी जोर देने पर जब शव दिखाया गया तो उसके गले पर नीले निशान, सीने पर खरोंच और चोट के निशान दिखाई दिए। परिजनों का दावा है कि जिस कमरे में घटना हुई, वहां लगे पंखे की पंखुड़ियां भी मुड़ी हुई थीं। इन परिस्थितियों को देखकर परिवार को हत्या की आशंका हुई।
पिता बोले- जल्दबाजी में दफनाया शव
मृतक हिना के पिता इकरामुद्दीन ने बताया कि उन्होंने छह साल पहले बेटी की शादी शोएब से की थी। आरोप है कि शादी के बाद से दहेज के लिए उसे प्रताड़ित किया जाता था। उनका दावा है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने हिना की गला दबाकर हत्या कर दी। परिजन को हार्ट अटैक से मौत की सूचना दी गई और जल्दबाजी में दफना दिया गया। 25 मई को डीएम वीके सिंह और एसएसपी अविनाश पांडे से शिकायत की।
सीओ अभिषेक पटेल ने बताया-
अधिकारियों के आदेश पर आज विवाहिता के शव को कब्र से निकलवाया गया है। पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। इसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।


No comments:
Post a Comment