रोहटा हत्याकांड में पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचा युवती का शव

 पुलिस फोर्स की मौजूदगी में अंतिम संस्कार

मेरठ। रोहटा थाना क्षेत्र में हुई युवती की हत्या की घटना ने पूरे इलाके में गहरा आक्रोश और शोक फैला दिया है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद जैसे ही युवती का शव गांव थ्रोट पहुंचा, परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया।शव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और घटना को लेकर गहरा आक्रोश व्यक्त किया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था, वहीं ग्रामीण आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते नजर आए।

स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। थाना रोहटा पुलिस के साथ-साथ आसपास के थानों की फोर्स भी मौके पर मौजूद रही। अधिकारियों ने लगातार स्थिति पर नजर बनाए रखते हुए लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।बताया जा रहा है कि हत्या की घटना के बाद से ही गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ था। ग्रामीणों ने पुलिस से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच करते हुए दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।पोस्टमार्टम के बाद देर शाम युवती का अंतिम संस्कार गांव के श्मशान घाट पर पुलिस की मौजूदगी में संपन्न कराया गया। अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर देखने को मिली।

पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को आश्वस्त किया है कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है और हर पहलू पर गंभीरता से कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts