महंगाई विरोधी सपा प्रदर्शन में चोरों की सेंध
भीड़ के बीच से उड़ाए पांच मोबाइल, मची अफरा-तफरी,कार्यकर्ता नारे छोड़ फोन तलाशते रहे
मेरठ। महंगाई और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ समाजवादी पार्टी के प्रदर्शन के दौरान उस समय माहौल अचानक बदल गया जब भीड़ का फायदा उठाकर चोरों ने पांच मोबाइल फोन चोरी कर लिए। यह घटना कमिश्नरी चौराहे पर हुई, जहां सैकड़ों कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन में शामिल थे।
सोमवार को समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ता बढ़ती महंगाई और ईंधन के दामों में वृद्धि के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर मौजूद थे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे।इसी भीड़भाड़ का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने प्रदर्शन में शामिल कई कार्यकर्ताओं के मोबाइल फोन पर हाथ साफ कर दिया। जैसे ही मोबाइल गायब होने की जानकारी मिली, प्रदर्शन स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
स्थिति यह हो गई कि जो कार्यकर्ता कुछ देर पहले तक सरकार के खिलाफ नारे लगा रहे थे, वे अचानक अपने मोबाइल तलाशने में जुट गए। कई लोगों ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और अपने मोबाइल की लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
घटना के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके और उन्हें जल्द पकड़ा जा सके।प्रदर्शन में मौजूद नेताओं ने कहा कि भीड़भाड़ वाले कार्यक्रमों में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत की जानी चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
इसी प्रदर्शन के दौरान समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष कर्मवीर सिंह गुंमी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने महंगाई और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के विरोध में जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भी सौंपा। नेताओं ने आरोप लगाया कि बढ़ती कीमतों से आम जनता, किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है, जिससे जीवनयापन कठिन होता जा रहा है।


No comments:
Post a Comment