मेजर ध्यानचंद खेल विवि के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की द्वितीय बैठक ऑनलाइन माध्यम से सम्पन्न
भवन निर्माण कार्य लगभग 85 प्रतिशत तथा पॉकेट-2 के खेल मैदान निर्माण कार्य लगभग 30 प्रतिशत पूर्ण
मेरठ। मेजर ध्यानचंद खेल विवि,के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की द्वितीय बैठक आज ऑनलाइन माध्यम से सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता आनंदीबेन पटेल कुलाधिपति एवं राज्यपाल ने की। उनके साथ उनके विशेष कार्याधिकारी (एसीएस स्तर) सुधीर एम. बोबड़े भी उपस्थित रहे। बैठक में माननीय कुलाधिपति एवं राज्यपाल के विशेष कार्याधिकारी (शिक्षा) पंकज एल. जॉनी सहित बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के सम्मानित सदस्यों ने सहभागिता की।
बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के सदस्यों में मेजर जनरल दीप अहलावत (सेवानिवृत्त), कुलपति मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय, प्रो. के. पी. सिंह, कुलपति , महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय, बरेली , जय शंकर दुबे, उत्तर प्रदेश शासन के विशेष सचिव (वित्त) , कुमार विनीत विशेष सचिव खेल एवं युवा कल्याण विभाग, , डॉ. अतुल सिन्हा ,क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी लखनऊ मंडल, डॉ. वी. के. सिंह, जिलाधिकारी मेरठ, मोनिका सिंह ,क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी मेरठ मंडल तथा कुलसचिव सुनील कुमार झा उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की प्रथम बैठक की कार्यवाही की पुष्टि एवं उस पर की गई कृत कार्यवाही आख्या को संज्ञान में लिया गया। विश्वविद्यालय के निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अवगत कराया गया कि पॉकेट-1 के भवन निर्माण कार्य लगभग 85 प्रतिशत तथा पॉकेट-2 के खेल मैदान निर्माण कार्य लगभग 30 प्रतिशत पूर्ण हो चुके हैं। निर्माण कार्यों की प्रगति का प्रस्तुतीकरण चित्रात्मक पीपीटी के माध्यम से किया गया।
बैठक में शैक्षणिक सत्र 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट, कार्य परिषद, शैक्षणिक एवं गतिविधि परिषद तथा वित्त समिति की बैठकों की कार्यवाहियों को अनुमोदन प्रदान किया। साथ ही विश्वविद्यालय के प्रथम अधिनियमों (First Statutes) के प्रारूप पर विस्तार से विचार विमर्श किया गया।
बोर्ड ऑफ गवर्नर्स द्वारा यूजीसी, यूपीपीएससी, यूपीएसएसएससी एवं भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के मानकों के अनुरूप विभिन्न पदों हेतु भर्ती नियमावली खेल विभाग के परामर्श से तैयार किए जाने तथा सेवाओं की आउटसोर्सिंग संबंधी प्रस्तावों पर भी विचार किया गया। आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 हेतु विस्तारित शैक्षणिक कार्ययोजना, पाठ्यक्रम संचालन तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर समेकित प्रस्तावों को अनुमोदित किया गया।
बैठक में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अतिथि संकाय, प्रशिक्षकों एवं सहायक कर्मचारियों की आवश्यकता पर चर्चा करते हुए नियुक्ति संबंधी प्रस्तावों पर विचार विमर्श किया गया । विभिन्न पाठ्यक्रमों एवं डिप्लोमा कार्यक्रमों हेतु प्रस्तावित शुल्क संरचना को भी अनुमोदन प्राप्त हुआ।
राष्ट्रीय क्रेडिट फ्रेमवर्क (NCrF) के अनुरूप पाठ्यक्रमों के समन्वय एवं क्रेडिट संरचना निर्धारण हेतु तदर्थ बोर्ड ऑफ स्टडीज़ (BoS) के गठन को स्वीकृति प्रदान की गई। साथ ही विश्वविद्यालय के शैक्षणिक एवं प्रशासनिक दायित्वों के प्रभावी संचालन के लिए परीक्षा नियंत्रक, प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर एवं प्रशिक्षकों की संबद्धता अवधि शैक्षणिक सत्र 2026-27 तक बढ़ाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।
विश्वविद्यालय के शैक्षणिक एवं खेल विकास को राष्ट्रीय स्तर पर सुदृढ़ करने के उद्देश्य से भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI), राष्ट्रीय खेल संस्थान (NIS) पटियाला, भारतीय खेल प्रबंधन संस्थान (IISM) मुंबई, भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) इंदौर, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) मद्रास तथा भारतीय सेना के साथ प्रस्तावित शैक्षणिक एवं खेल साझेदारियों तथा एमओयू पर भी विचार किया गया।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान किए गए व्यय तथा वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु प्रस्तावित बजट व्यय को संज्ञान में लिया गया। साथ ही विश्वविद्यालय में अतिरिक्त खेल अवसंरचना एवं सुविधाओं के विकास, बैठने की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, अतिरिक्त सड़कों, परीक्षा भवन, अतिथि गृह एवं सभागार के निर्माण संबंधी प्रस्तावों पर भी चर्चा की गई।
बोर्ड ऑफ गवर्नर्स को अवगत कराया गया कि विश्वविद्यालय के लिए 60 करोड़ रुपये के एकमुश्त अनुदान का प्रावधान किया गया है, जिसके उपयोग हेतु खेल एवं वित्त विभाग के परामर्श से मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार करने के आदेश दिए गए।
बैठक में विश्वविद्यालय परिसर स्थित सुविधा केंद्र में बैंक, डाकघर, यूनिसेक्स सैलून, किराना स्टोर, फल एवं सब्जी की दुकान, मेडिकल स्टोर तथा स्टेशनरी की दुकानों के संचालन हेतु खुली निविदा प्रक्रिया के माध्यम से आवंटन किए जाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई। माननीय कुलाधिपति एवं राज्यपाल महोदया ने इस दौरान सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में उगाई जाने वाली ताज़ी हरी सब्जियों एवं ऑर्गेनिक खाद्य उत्पादों को विश्वविद्यालय परिसर की फल एवं सब्जी दुकानों पर उपलब्ध कराने तथा गुणवत्तापूर्ण दुग्ध उत्पादों की व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के संबंध में विशेष रूप से चर्चा की। इसके अतिरिक्त फूड कोर्ट, लॉन्ड्री तथा खेल परिधान एवं खेल उपकरण केंद्र हेतु अस्थायी अवसंरचना विकसित किए जाने पर भी विचार किया गया।
खिलाड़ियों के प्रशिक्षण एवं अभ्यास को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से अस्थायी आधार पर शूटिंग रेंज, बास्केटबॉल कोर्ट एवं वॉलीबॉल कोर्ट के निर्माण पर भी चर्चा हुई।
बैठक में विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय स्तर के उत्कृष्ट खेल शिक्षा संस्थान के रूप में विकसित करने, खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा खेल अवसंरचना के व्यापक विस्तार की दिशा में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।


No comments:
Post a Comment