सपा राष्ट्रीय सचिव बोले- संविधान की रक्षा और भाईचारे के लिए सिखों को दिलाएंगे विधिक हिस्सेदारी
मेरठ।समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय, जेल रोड, मेरठ पर जिलाध्यक्ष कर्मवीर सिंह गुमी के नेतृत्व में सिख समाज की सामाजिक न्याय यात्रा तथा PDA पंचायत के विषय को लेकर एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव सरदार कुलदीप सिंह भुल्लर ने संबोधित करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय, भाईचारे और संविधान की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समाज को संगठित कर उनके अधिकारों की लड़ाई को और मजबूत किया जाएगा। सिख समाज की सामाजिक न्याय यात्रा समाज में समानता, सौहार्द और आगीदारी का संदेश लेकर आगे बढ़ रही है।
हालांकि राजनीतिक हलकों में सपा के इन दावों को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं। विश्लेषकों का कहना है कि PDA और सामाजिक न्याय जैसे बड़े नारों के बावजूद जमीनी स्तर पर समाज के कई वर्ग अब भी बुनियादी समस्याओं से जूझ रहे हैं, जिससे पार्टी की नीतियों और उनके दावों के बीच अंतर साफ दिखाई देता है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी नेताओं ने वर्तमान सरकार पर किसानों, नौजवानों, व्यापारियों एवं अल्पसंख्यकों की लगातार उपेक्षा का आरोप लगाया, जिससे आम जनता परेशान है। वहीं राजनीतिक चर्चा यह भी है कि विपक्ष में रहते हुए लगातार आरोप लगाने के बावजूद समाजवादी पार्टी जनसमस्याओं को लेकर कोई ठोस वैकल्पिक रोडमैप पेश करने में कमजोर नजर आती है। पार्टी की PDA पंचायतों और यात्राओं को भी केवल संगठनात्मक सक्रियता तक सीमित बताया जा रहा है।
जिलाध्यक्ष कर्मवीर सिंह गुमी ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा सामाजिक न्याय और संविधान बचाने की लड़ाई में अग्रणी रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों से जनता त्रस्त है और आने वाले समय में PDA समाज एकजुट होकर अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद करेगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि पार्टी की नीतियों एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें।


No comments:
Post a Comment