महंगे पेट्रोल डीज़ल के खिलाफ सड़कों पर उतरे कांग्रेसी

- ज़िला कांग्रेसियों का कलेक्ट्रेट पर तो महानगर कांग्रेसियों का बच्चा पार्क पर प्रदर्शन

मेरठ। पेट्रोलियम पदार्थों के मूल्य में बढ़ोतरी के विरोध में सोमवार को जिला और महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग प्रदर्शन का सरकार की आर्थिक नीतियों का विरोध किया। जिला कांग्रेस कमेटी ने अध्यक्ष गौरव भाटी के नेतृत्व और प्रवक्ता सैयद आमिर रज़ा के संचालन में कलेक्ट्रेट पर तो महानगर कांग्रेस ने अध्यक्ष रंजन शर्मा के नेतृत्व एवं मीडिया प्रभारी हरिकिशन आंबेडकर के संचालन में बच्चा पार्क पर जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तो एक तरह से कलेक्ट्रेट का घेराव किया और ज्ञापन सौंपा। उधर दूसरी ओर महानगर कार्यकर्ताओं ने बच्चा पार्क पर सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। 

ज़िलाध्यक्ष गौरव भाटी और महानगर अध्यक्ष रंजन शर्मा ने कहा कि सरकार ने पेट्रोल और डीजल के साथ साथ सीएनजी के दामों में वृद्धि कर आम जनता की कमर तोड़ दी है। प्रदर्शनकारियों ने व्यावसायिक गैस सिलेंडरों एवं 5 किलो के घरेलू सिलेंडर के दामों में वृद्धि को लेकर भी विरोध जताया।

कांग्रेसियों के अनुसार पेट्रोल डीज़ल के दाम बढ़ने से परिवहन महंगा हो गया है जबकि घरेलू एवं व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर महंगे होने से गरीब व मध्यम वर्गीय परिवारों की रसोई का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। जिला प्रवक्ता सैयद आमिर रज़ा ने कहा कि डीज़ल महंगा होने से माल भाड़ा बढ़ गया है, जिसका सीधा असर रोजमर्रा के इस्तेमाल और खाद्य पदार्थों के मूल्य पर पड़ा है। हरिकिशन आंबेडकर ने कहा कि ट्रैक्टर से लेकर पम्पसेट तक चलाना महंगा हो गया है, जिससे किसानों की कमर टूट गई है। कांग्रेसियों ने सरकार से मांग की कि एलपीजी के दामों को आधा किया जाए तथा पेट्रोलियम पदार्थों के बढ़े हुए मूल्यों को वापस लिया जाए। प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगे न मानी गईं तो पार्टी चरणबद्ध तरीके से आंदोलन करेगी। प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसियों में उदयवीर त्यागी, अवनीश काजला, राकेश कुशवाह, योगी जाटव, सलीम पठान, अरुण कौशिक, अभिमन्यु त्यागी, रीना शर्मा, डॉ जफरुल्लाह खान, सुनीता मंडल, नसीम सैफी, सैयद रेहानुद्दीन, आदेश शर्मा, हरिओम त्यागी, नवीन गुर्जर और सुरेंद्र यादव सहित कई कांग्रेसी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts