जिलाधिकारी की अध्यक्षता में संपन्न हुई जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक

स्वास्थ्य योजनाओ के प्रभावी क्रियान्वयन एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा के संबंध में जिलाधिकारी ने दिये निर्देश

सीएचसी, पीएचसी सहित समस्त सरकारी अस्पतालों में आमजन को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं रहे उपलब्ध, नियमित की जाये निगरानी-डीएम

    मेरठ ।  विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी डॉ0 वी0के0 सिंह की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में विगत बैठक की अनुपालन आख्या प्रस्तुत की गई तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की बिंदुवार समीक्षा की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सीएचसी, पीएचसी सहित जनपद के समस्त सरकारी अस्पतालों में आमजन को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। अस्पतालों में साफ-सफाई, पेयजल, बैठने की समुचित व्यवस्था तथा मरीजों के उपचार में संवेदनशीलता एवं तत्परता सुनिश्चित की जाए। सभी सीएचसी, पीएचसी एवं सरकारी अस्पतालों का नियमित निरीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जाएं।

जिलाधिकारी ने आशाओं के रिक्त पदों को शीघ्र भरने के निर्देश देते हुए कहा कि भर्ती प्रक्रिया हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके। जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत लंबित भुगतान पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल भुगतान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से पहुंचाया जाए। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत जारी नई गाइडलाइन के अनुसार कार्यवाही सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने सीएमओ को निर्देशित किया कि विभागीय कार्यप्रणाली में निरंतर सुधार लाया जाए तथा स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही एवं शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि अच्छा कार्य करने वाले कर्मी को प्रोत्साहित किया जाये तथा लापरवाही करने वालो पर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। सक्षम पोर्टल के समस्त इंडिकेटरों में अपेक्षित सुधार किया जाये। हीटवेव के दृष्टिगत समग्रता के साथ कार्यवाही के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने सभी अस्पतालों में आवश्यक स्वास्थ्य व्यवस्थाएं पूर्ण रूप से दुरुस्त रखने तथा वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। 

बैठक में बिल भुगतान, उपकरण क्रय, यूनिसेफ, डब्ल्यूएचओ एवं यूएनडीपी से संबंधित प्रगति रिपोर्ट की भी समीक्षा की गई तथा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 अशोक कटारिया, जिला क्षय रोग अधिकारी, एसीएमओ, एमओआईसी, सीडीपीओ सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts