निराश्रित महिलाओं के खाते में जाएगी 21 करोड़ की पेंशन

 जिले की 72,798 निराश्रित महिलाओं को मिलेगा योजना का लाभ 

- योजना के तहत पात्र महिलाओं के खाते में भेजे जा रहे सालाना 12 हजार

-पिछले वित्त वर्ष के मुकाबले इस वर्ष 8711 नई महिलाओं को जोड़ा गया

मेरठ, 23 मई। जिले की निराश्रित महिलाओं के लिए पेंशन योजना मददगार साबित हो रही है। इस योजना में पंजीकृत महिलाओं की संख्या में एक वर्ष में 8711 का इजाफा हुआ है। अब इन सभी महिलाओं के खातों में प्रदेश सरकार के द्वारा अगले महीने सीधे तौर पर लगभग 21 करोड़ 82 लाख, 36 हजार की धनराशि भेजी जाएगी। 

निराश्रित महिला पेंशन योजना को विधवा महिला पेंशन योजना के नाम से भी जाना जाता है। प्रदेश सरकार के द्वारा इस योजना में आवेदन करने से लेकर धनराशि खाते में भेजने तक की प्रक्रिया को पूरी तरह से ऑनलाइन कर दिया गया है। जिले में इस योजना में कुल 72,798 महिलाएं पंजीकृत हैं। वर्ष 2025 की पहली तिमाही में यह आंकड़ा 64087 था। इस योजना के तहत प्रत्येक पात्र महिला को एक हजार रूपये मासिक की दर से सालाना 12 हजार रूपये भेजे जाते हैं। यह आर्थिक मदद हर तीन महीने पर तीन हजार रूपये की दर से हर लाभार्थी महिला के खाते में भेजी जाती है। पिछले वर्ष पहली तिमाही के रूप में इस योजना से 64087 महिलाओं को 19 करोड़ 11 लाख 15 हजार की राशि, दूसरी तिमाही में 66979 महिलाओं को 20 करोड़ 61 लाख, 84 हजार और चौथी तिमाही में 72798 महिलाओं को 21 करोड़ 82 लाख 36 हजार की धनराशि प्रदान की गई  है। डीबीटी के माध्यम से यह पैसा सीधे उनके बैंक खातों में पहुंच रहा है, जिससे न केवल उनका आर्थिक संकट कम हुआ है, बल्कि उनके जीवन स्तर में भी एक बड़ा और सकारात्मक बदलाव आया है। 

जिला प्रोबेशन अधिकारी अनुपम यादव ने बताया कि वर्तमान में इस योजना में नए आवेदनों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। इस माह तक प्राप्त सभी आवेदनों को सूची में शामिल करके अगले माह पेंशन राशि सभी पात्र निराश्रित महिलाओं को डीबीटी के माध्यम से उनके खाते में भेज दी जाएगी। 

ऑनलाइन प्रक्रिया से खत्म हुई भागदौड़

जिला प्रोबेशन अधिकारी के अनुसार निराश्रित महिला पेंशन योजना ऑनलाइन होने से आवेदन प्रक्रिया सरल हो गई है। अब महिलाओं को सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। योजना का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़ी हर पात्र महिला तक पहुंचे, इसके लिए प्रशासन स्तर पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। 

No comments:

Post a Comment

Popular Posts