साइबर ठगी और अवैध टेलीफोन एक्सचेंज का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार
सरकार को भारी राजस्व नुकसान पहुंच रहा था गिरोह
मेरठ। साइबर अपराध और अवैध संचार नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जनपदीय स्वाट टीम, साइबर सेल और थाना कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने आजाद नगर गोला कुआं क्षेत्र में संचालित एक अवैध टेलीफोन एक्सचेंज और फर्जी लोन गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान मौ. समीर मंसूरी, नासिर और प्रशांत पाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि यह गिरोह सिम बॉक्स तकनीक के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय VOIP कॉल्स को सामान्य कॉल्स में बदलकर अवैध टेलीफोन एक्सचेंज चला रहा था, जिससे सरकार को भारी राजस्व नुकसान पहुंच रहा था।इसके साथ ही आरोपी फर्जी दस्तावेजों के आधार पर ऑनलाइन लोन दिलाने का झांसा देकर लोगों से ठगी भी कर रहे थे। गिरोह के सदस्य लोगों से दस्तावेज और पैसे लेकर उन्हें धोखा देते थे।
पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है, जिसमें 2 कार, 2 लैपटॉप, 10 मोबाइल फोन, 1 प्रिंटर, 1 स्कैनर और 32 सिम स्लॉट वाले 2 सिम बॉक्स उपकरण शामिल हैं। इसके अलावा 97 विभिन्न कंपनियों के सिम कार्ड, 18 एटीएम और प्लेटिनम कार्ड, 20 चेकबुक और 4030 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।छापेमारी के दौरान पुलिस को फर्जी दस्तावेज तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी मिली, जिसमें ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर कार्ड, पैन कार्ड, 28 स्टाम्प पेपर, 3 मोहरें और फाइनेंस कंपनियों के नाम वाले सैकड़ों पैम्पलेट, लिफाफे और वर्कबुक शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह गिरोह तकनीकी रूप से संगठित तरीके से लंबे समय से साइबर ठगी और अवैध संचार नेटवर्क चला रहा था। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।


No comments:
Post a Comment