लखनऊ में लाठीचार्ज का मेरठ में जबरदस्त विरोध
वकीलों ने काम बंद कराकर किया प्रदर्शन; जमकर नारेबाजी करते हुए निकाला जुलूस
मेरठ। रविवार को लखनऊ में अधिवक्ताओं के चेंबर तोड़ने के दौरान वकीलों पर लाठीचार्ज किया गया था। इसके बाद से ही पूरे प्रदेश के अधिवक्ताओं में आक्रोश व्याप्त है।इसके विरोध में मेरठ बार एसोसिएशन और जिला बार ने संयुक्त रूप से आंदोलन की घोषणा करते हुए सोमवार को काम न करने का निर्णय लिया और पूरी कचहरी में विरोध प्रदर्शन करते हुए जुलूस निकाला। न्यायालयों में पहुंचकर काम भी बंद करा दिया।
मेरठ बार एसोसिएशन एव डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन ने सोमवार सुबह दस बजे एक आवश्यक बैठक मेरठ बार एसोसिएशन प्रांगण में की। जिसमें सर्वसम्मति से वकीलों पर हुए लाठी चार्ज का विरोध एवं निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। साथ ही सोमवार को कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया।
बैठक के बाद बड़ी संख्या में अधिवक्ता दोनों बार के अध्यक्ष और महामंत्री के नेतृत्व में कचहरी परिसर में जुलूस के रूप में निकले । लाठी चार्ज के विरोध में जमकर नारेबाजी की और सभी न्यायालय में घूमघूम कर कार्य बंद कराया।
मेरठ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनुज कुमार शर्मा, महामंत्री परवेज आलम, जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रविंद्र सिंह, महामंत्री प्रशांत गुप्ता, वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल कुमार बख्शी, कुंवरपाल शर्मा, अशोक शर्मा, संजय त्यागी, पंडित आनंद कश्यप, केतन दुबलिश, संदीप कुमार बंसल, नितेश सैनी, क्षितिज भारद्वाज, विकास रावत, पराग एरन, प्रवीण मोतला, सरलेश भारद्वाज, सत्येंद्र वर्मा व प्रीति पवार सहित वकील मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment