जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शिता, समयबद्धता एवं प्रभावशीलता के साथ पहुंचाया जाए-भानु चन्द्र गोस्वामी

मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की योजनाएं शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता, सभी विभाग लक्ष्य के अनुरूप सुनिश्चित करें प्रगति

 आयुक्त सभागार में आयुक्त मेरठ मंडल ने की मुख्यमंत्री डैशबोर्ड एवं सीएमआईएस के माध्यम से विकास योजनाओं तथा विकास कार्यों की मंडलीय समीक्षा

आयुक्त एवं डीआईजी ने की कानून एवं शांति व्यवस्था की समीक्षा, सतर्क निगरानी और प्रभावी समन्वय के दिये निर्देश

मेरठ।  आयुक्त सभागार में आयुक्त भानु चन्द्र गोस्वामी की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के माध्यम से विभिन्न विभागों की योजनाओं/परियोजनाओं, सीएमआईएस के अंतर्गत परियोजनाओं, विकास कार्यों एवं कानून एवं शांति व्यवस्था की मंडलीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।  

आयुक्त  ने बिंदुवार समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर संचालित योजनाओं में विभागीय अधिकारी विशेष रुचि लेते हुए लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करें। जिन योजनाओं की रैंकिंग अपेक्षाकृत कम है, उनमें सुधारात्मक कार्यवाही करते हुए गुणवत्तापूर्ण प्रगति लाई जाए। फैमिली आईडी सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं में विस्तृत कार्ययोजना बनाकर तेजी से कार्य करने के निर्देश दिए गए।  

बढ़ते तापमान, लू एवं हीटवेव की स्थिति के दृष्टिगत आयुक्त  ने स्वास्थ्य, विद्युत, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सेवाओं की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद स्तर पर कंट्रोल रूम सक्रिय रखे जाएं तथा किसी भी शिकायत अथवा समस्या पर त्वरित रिस्पॉन्स टीम के माध्यम से तत्काल प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। आमजन को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से विभागीय समन्वय के साथ कार्य करने पर विशेष बल दिया गया।  

गौशालाओं में चारा, पानी, भूसा, साफ-सफाई एवं पशुओं के उपचार की समुचित व्यवस्था बनाए रखने तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। समस्त मुख्य विकास अधिकारियों को लाभार्थीपरक योजनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से आच्छादित करने एवं डाटा फीडिंग को त्रुटिरहित एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।  

गर्मी एवं हीटवेव के दृष्टिगत स्वास्थ्य विभाग को जनजागरूकता अभियान संचालित करने, प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने तथा अस्पतालों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए गए। आशाओं की भर्ती, भुगतान एवं संस्थागत प्रसव की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में यूनिसेफ के प्रतिनिधि द्वारा संबंधित विषयों पर प्रस्तुतीकरण भी दिया गया।  

निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने कहा कि सभी परियोजनाओं में गुणवत्ता एवं समयबद्धता सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड एवं सीएमआईएस के माध्यम से एक करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली परियोजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता एवं समयसीमा की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया गया कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराई जाएं तथा कार्यों की गुणवत्ता के साथ किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। 

बैठक में छात्रवृत्ति योजना, पीएम सूर्य घर योजना, जननी सुरक्षा योजना, छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति, पोषण अभियान, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना, सड़क निर्माण कार्य, एमएसएमई अंतर्गत टूल किट वितरण, पर्यटन विकास, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी एवं ग्रामीण), मुख्यमंत्री आवास योजना (शहरी एवं ग्रामीण), पीएम कुसुम योजना सहित अन्य विभिन्न योजनाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। 

 आयुक्त भानु चन्द्र गोस्वामी एवं डीआईजी कलानिधि नैथानी की अध्यक्षता में कानून एवं शांति व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी त्यौहारो के दृष्टिगत जनपदों में शांति, सुरक्षा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने, अपराध नियंत्रण को प्रभावी करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्क निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए। आपराधिक प्रकरणों में त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।  

इस अवसर पर मंडल के समस्त जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, नगर आयुक्त (मेरठ/गाजियाबाद), अपर आयुक्त मेरठ मंडल, संयुक्त विकास आयुक्त मेरठ मंडल सहित अन्य संबंधित मंडलीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts