कैम्पों में 6014 शिकायतें प्राप्त, 5851 शिकायतों का मौके पर समाधान
बिल संशोधन कैम्पों में बिल रिवीजन, मोबाइल नं० अपडेट एवं अन्य तकनीकी समस्याओं का त्वरित निस्तारण
मेरठ । प्रबन्ध निदेशक रवीश गुप्ता द्वारा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि बिल संशोधन कैम्पों को अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाया जाए। प्रत्येक कैम्प मे उपभोक्ताओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए ताकि कैम्पों मे आने वाले उपभोक्ताओं को किसी परेशानी का सामना न करना पड़ें। विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।
प्रबन्ध निदेशक ने निर्देशित किया है कि कैम्प स्थलों के बाहर पोस्टर एवं बैनर लगाए जाएं जिससे उपभोक्ताओं को कैम्पों की जानकारी आसानी से प्राप्त हो सके, साथ ही लाउडस्पीकर के माध्यम से भी लगातार मुनादी कराकर आस-पास के क्षेत्रों मे व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित कराया जाएं। विशेष बिल संशोधन कैम्पों में स्मार्ट मीटर से सबंधित विभिन्न शिकायतों जैसे गलत बिल, बिल रिवीजन, मोबाइल नं० अपडेट, ऐप संबंधी समस्याएं एवं अन्य तकनीकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा रहा है, साथ ही उपभोक्ताओं को यूपीपीसीएल स्मार्ट ऐप के उपयोग एवं स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली के संबंध में विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।
पश्चिमांचल डिस्कांम के अन्तर्गत 14 जनपदों में आयोजित हुए कैम्पों में अब तक कुल 6014 शिकायतें प्राप्त हुई जिनमे से 5851 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया है। कैम्पों में बिल रिवीजन से संबंधित 1317, मोबाइल नं० अपडेट से संबंधित 1978, ऐप से संबंधित 1412 शिकायतों का समाधान अधिकारियों द्वारा किया गया। इसके अतिरिक्त अन्य 1144 शिकायतों का भी तत्काल निस्तारण कर, उपभोक्ताओं को राहत प्रदान की गई।


No comments:
Post a Comment