सीसीएसयू के समाजशास्त्र विभाग का 56वाँ स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया
मेरठ। विवि के समाजशास्त्र विभाग द्वारा शुक्रवार को 56वाँ स्थापना दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विभाग के शिक्षक, शोधार्थी एवं छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ।
कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष प्रो. आलोक कुमार, डॉ. वाई.पी. सिंह, डॉ. डी.एन. भट्ट, डॉ. अरविंद सिरोही एवं दीपेंद्र उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने समाजशास्त्र के महत्व, उसके समकालीन परिप्रेक्ष्य तथा वर्तमान सामाजिक परिवर्तनों में इसकी उपयोगिता पर अपने विचार व्यक्त किए।
विभागाध्यक्ष प्रो. आलोक कुमार ने अपने संबोधन में समाजशास्त्र विभाग के इतिहास, उसकी स्थापना से लेकर वर्तमान तक की शैक्षणिक यात्रा तथा विभाग की गौरवशाली परंपराओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को समाज के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने एवं सामाजिक सरोकारों को समझने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने कहा कि समाजशास्त्र केवल एक विषय नहीं, बल्कि समाज को समझने और सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में कार्य करने का सशक्त माध्यम है।
डॉ. वाई.पी. सिंह ने विभाग की निरंतर प्रगति, शैक्षणिक गतिविधियों एवं शोध कार्यों की उपलब्धियों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। उन्होंने विभाग की अकादमिक उन्नति, विद्यार्थियों की सहभागिता तथा बदलते सामाजिक परिवेश में समाजशास्त्र की बढ़ती प्रासंगिकता को रेखांकित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को शोध एवं अध्ययन के माध्यम से समाज में सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. डी.एन. भट्ट ने विभाग की उपलब्धियों एवं विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों का उल्लेख करते हुए कहा कि समाजशास्त्र सामाजिक परिवर्तन को समझने का एक प्रभावशाली माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक एवं तार्किक दृष्टिकोण विकसित करने पर बल दिया तथा समाज के विकास में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों की भी सक्रिय भागीदारी रही। इस अवसर पर अंशुल शर्मा, प्रभात मौर्य, सुमित, आकाश, पूजा, मोहित आदि शोधार्थी एवं छात्र-छात्राएँ एवं कार्यालय अधीक्षक वरुण चौधरी उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।


No comments:
Post a Comment