जनगणना 2027
कल से खुद भर सकेंगे जानकारी, मेरठ में 22 मई से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक
7 से 21 मई तक का मौका्र पूछे जाएंगे 33 सवाल
मेरठ।मेरठ जनपद समेत पूरे उत्तर प्रदेश में 15 साल बाद जनगणना-2027 का बिगुल बज गया है। इस बार की जनगणना पूरी तरह डिजिटल होगी जिसमें नागरिकों को अपनी जानकारी खुद दर्ज करने (सेल्फ-एन्युमरेशन) की आजादी दी गई है।
7 से 21 मई के बीच आप घर बैठे मोबाइल या लैपटॉप से अपनी डिटेल्स पोर्टल पर अपलोड कर सकते हैं। इसके बाद 22 मई से प्रगणकों की टीम आपके घर दस्तक देगी। पिछली बार 2011 में हुई जनगणना के दौरान मेरठ जिले की आबादी 34 लाख, 43 हजार 689 थी।इनमें पुरुषों की संख्या 18 लाख 25 हजार 658 थी जबकि महिलाओं की आबादी 16 लाख 18 हजार 31 थी। लिंगानुपात 886 (प्रति हजार पुरुषों पर महिलाएं) था। अनुमान है कि अब जिले की आबादी करीब 42 से 44 लाख हो सकती है।
जनगणना को दो हिस्सों में बांटा है
पहला चरण (22 मई - 20 जून): इसमें केवल मकानों की लिस्टिंग होगी और घर की सुविधाओं (बिजली, पानी, वाहन आदि) पर 33 सवाल पूछे जाएंगे।
दूसरा चरण (फरवरी 2027): अगले साल फरवरी में व्यक्तियों की असल गिनती होगी। खास बात यह है कि इस बार 1931 के बाद पहली बार जातिगत जनगणना भी की जाएगी।
पोर्टल पर खुद कैसे बनें डिजिटल प्रगणक: आप se.census.gov.in पर जाकर खुद रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। बस अपना मोबाइल नंबर और परिवार के मुखिया का नाम दर्ज करें। ओटीपी वेरिफिकेशन के बाद मांगी गई जानकारियां भरें। फॉर्म सबमिट होते ही आपको 11 अंकों का एक SE-ID मिलेगी जिसे संभाल कर रखें। जब प्रगणक घर आएं, तो बस उन्हें यह नंबर दिखा दें।
इन खास बातों के रखे ध्यान
रसोई का नियम: एक ही किचन में खाना खाने वाले लोग एक परिवार माने जाएंगे।
180 दिन का पैमाना: आपकी गिनती उसी शहर में होगी जहां आप कम से कम 6 महीने से रह रहे हैं।
पहले चरण में पूछे जाएंगे 33 सवाल
मकान नंबर, निर्माण सामग्री (फर्श, दीवार, छत), मकान का उपयोग और स्थिति, परिवार और सदस्यों की संख्या, मुखिया का नाम, सामाजिक वर्ग, पानी, बिजली, शौचालय, रसोई की सुविधा, गैस कनेक्शन, मोबाइल फोन, इंटरनेट, टीवी, कंप्यूटर, वाहन, घर में उपयोग होने वाला मुख्य अनाज और मोबाइल नंबर आदि।


No comments:
Post a Comment