चारधाम यात्रा के नाम पर साइबर ठगी का खतरा

 डीआईजी  ने किया सतर्क, फर्जी हेलिकॉप्टर बुकिंग से ऐसे बचें

मेरठ। गर्मी की छुट्टियों और चारधाम यात्रा के शुरू होते ही पर्यटन और यात्रा बुकिंग के नाम पर ऑनलाइन साइबर ठगी के मामले बढ़ने लगे हैं। इसे देखते हुए मेरठ रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक कलानिधि नैथानी ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से सतर्क रहने की अपील की है।

डीआईजी ने बताया कि गर्मियों में बड़ी संख्या में लोग पर्यटन स्थलों और उत्तराखंड की चारधाम यात्रा पर जाते हैं। इसी का फायदा उठाकर साइबर ठग फर्जी वेबसाइट और सोशल मीडिया विज्ञापनों के जरिए लोगों को निशाना बना रहे हैं। इस संबंध में Indian Cyber Crime Coordination Centre ने भी अलर्ट जारी किया है।

हेलीकॉप्टर बुकिंग के नाम पर ठगी

पुलिस के अनुसार ठग चारधाम यात्रा और पर्यटन स्थलों के नाम से मिलती-जुलती फर्जी वेबसाइट बनाकर हेलीकॉप्टर टिकट, होटल और टूर पैकेज बुकिंग के नाम पर लोगों से पैसे ऐंठ रहे हैं। कई मामलों में श्रद्धालु और पर्यटक ठगी का शिकार भी हो चुके हैं।

अधिकृत वेबसाइट से ही करें बुकिंग

उत्तराखंड सरकार ने चारधाम हेलीकॉप्टर बुकिंग के लिए केवल अधिकृत वेबसाइट heliyatra.irctc.co.in निर्धारित की है। इसके अलावा राज्य पर्यटन विभाग ने 8394833833 आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर जारी किया है, जिस पर 'Yatra' संदेश भेजकर पंजीकरण और अन्य जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

ऐसे देते हैं साइबर ठगी को अंजाम

साइबर ठग सोशल मीडिया विज्ञापन और फर्जी वेबसाइट के माध्यम से खुद को ट्रैवल एजेंट बताकर संपर्क करते हैं। वे 30 प्रतिशत तक छूट, आखिरी सीट या वीआईपी एक्सेस का लालच देकर तुरंत भुगतान करने का दबाव बनाते हैं। इसके बाद फर्जी यूपीआई आईडी या क्यूआर कोड भेजकर पैसे मंगाए जाते हैं और रकम मिलते ही संपर्क खत्म कर दिया जाता है या नकली टिकट भेज दिया जाता है।

पुलिस को दिए गए निर्देश

डीआईजी ने सभी जिलों की पुलिस को निर्देश दिए हैं कि

-साइबर ठगी के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया जाए

-फर्जी वेबसाइट और सोशल मीडिया विज्ञापनों को हटवाया जाए

-संदिग्ध बैंक खातों और यूपीआई आईडी को तुरंत फ्रीज कराया जाए

-आम लोगों के लिए जरूरी सावधानियां

-बुकिंग केवल अधिकृत वेबसाइट से ही करें

-सोशल मीडिया या व्हाट्सएप ऑफर पर भरोसा न करें

-किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें

-ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं

No comments:

Post a Comment

Popular Posts