अखिल भारतीय आयुर्वेद महासम्मेलन का 120वाँ स्थापना दिवस एवं सम्मान समारोह भव्य रूप से आयोजित

मेरठ। महावीर विवि द्वारा अखिल भारतीय आयुर्वेद महासम्मेलन का 120वाँ स्थापना दिवस अत्यंत भव्य एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आयुर्वेद विभाग के 300 से अधिक छात्र-छात्राओं, समस्त शिक्षकों एवं स्टाफ की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं भगवान धन्वंतरि के पूजन के साथ हुआ। इस अवसर पर अखिल भारतीय आयुर्वेद महासम्मेलन, नई दिल्ली के महामंत्री वैद्य ब्रज भूषण शर्मा, महापौर हरिकांत अहलुवालिया, प्रदेश कोषाध्यक्ष डॉ. सुन्दर पाल, जनपद अध्यक्ष वैद्य राजकुमार सिंह, जनपद उपाध्यक्ष वैद्य रविदत्त भाटिया सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। साथ ही महावीर विश्वविद्यालय के निदेशक प्रशासन अभिषेक कौशिक भी विशेष रूप से कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में वैद्य ब्रज भूषण शर्मा द्वारा अखिल भारतीय आयुर्वेद महासम्मेलन की स्थापना वर्ष 1907 से लेकर वर्तमान तक की गतिविधियों एवं उपलब्धियों पर विस्तृत प्रकाश डाला गया। इस दौरान उन्होंने महासम्मेलन के इतिहास, आयुर्वेद के विकास एवं भारतीय चिकित्सा पद्धति की गौरवशाली परंपरा पर आधारित एक विशेष डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की, जिसे उपस्थित विद्यार्थियों एवं अतिथियों द्वारा अत्यंत रुचिपूर्वक देखा गया। वहीं डॉ. तुंगवीर सिंह आर्य एवं डॉ. संजय जैन ने विद्यार्थियों को आयुर्वेद के महत्व, जीवनशैली एवं शास्त्रीय सिद्धांतों के बारे में प्रेरणादायक जानकारी प्रदान की।समारोह के दौरान विशिष्ट अतिथियों को शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने अपने संबोधन में युवाओं से आयुर्वेद को दैनिक जीवन में अपनाने एवं भारतीय चिकित्सा पद्धति के प्रचार-प्रसार का आह्वान किया।कार्यक्रम में मेरठ मंडल के अनेक वरिष्ठ चिकित्सक एवं आयुर्वेदाचार्य भी उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से डॉ. टीपी सिंह, डॉ. राजीव शेखर, डॉ. आलोक शर्मा, डॉ. रजत पंघाल, डॉ. राहुल बंसल, डॉ. महेश बंसल, वैद्य पीडी गोस्वामी, वैद्य अमित गुप्ता, वैद्य रविकांत त्यागी, वैद्य अशोक शर्मा एवं वैद्य आकाश दीप शामिल रहे।अंत में जनपद अध्यक्ष वैद्य राजकुमार सिंह द्वारा सभी अतिथियों, चिकित्सकों, विद्यार्थियों एवं महावीर विश्वविद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया गया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का सफल समापन हुआ।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts