बिजली कटौती से परेशान किसान ने तहसील में आत्मदाह प्रयास
तहसील दिवस पर अधिकारियों के सामने खुद पर डाला मिट्टी का तेल
प्रशासन ने दिए जांच के आदेश
मेरठ । मवाना में तहसील दिवस में उस समय हड़कंप मच गया जब बिजली कटौती से परेशान ने एक किसान ने अपने ऊपर मिटटी का तेज छिड़ककर आत्मदाह करने का प्रयास किया। घटना के समय अपर जिलाधिकारी (एडीएम) सत्य प्रकाश सिंह, एसपी देहात अभिजीत कुमार, एसडीएम संतोष कुमार सिंह और तहसीलदार निराकार सिंह समेत कई अधिकारी मौके पर मौजूद थे।इसके बाद अधिकारियों ने किसान की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका प्रार्थना पत्र स्वीकार किया।
मवाना क्षेत्र के नासरपुर गांव निवासी किसान मांगेराम ने शनिवार को तहसील दिवस के दौरान आत्मदाह का प्रयास कर सनसनी फैला दी। बिजली विभाग की अनियमित आपूर्ति से परेशान किसान ने तहसील सभागार में अधिकारियों के सामने अपने ऊपर मिट्टी का तेल छिड़क लिया। किसान मांगेराम का कहना है कि पिछले कई महीनों से बिजली की अनियमित आपूर्ति के कारण उसकी खेती-बाड़ी बुरी तरह प्रभावित हो रही है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हो गया और उसे यह कदम उठाने पर मजबूर होना पड़ा।
एडीएम सत्य प्रकाश सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बिजली विभाग के अधिकारियों को तत्काल सुधार के सख्त निर्देश दिए हैं। साथ ही पूरे प्रकरण की जांच कराने का आश्वासन भी दिया गया है।घटना के बाद किसान को मवाना के सरकारी अस्पताल में उपचार के लिए भेजा गया है। इस घटना ने क्षेत्र में बिजली व्यवस्था की खराब स्थिति और किसानों के बढ़ते आक्रोश को उजागर कर दिया है। प्रशासन ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।


No comments:
Post a Comment