किडनी कांड में कानपुर पुलिस करेगी मेरठ में जांच

सीएमओ ने अल्फा हॉस्पिटल को भेजा नोटिस, स्टाफ भी हुआ गायब

 मेरठ।  कानपुर में उजागर हुए अवैध किडनी ट्रांसप्लांट रैकेट के तार मेरठ से जुड़ने के बाद आज बड़ी कार्रवाई की तैयारी है। कानपुर पुलिस की टीम मेरठ पहुंचकर मंगल पांडेय नगर स्थित अल्फा अस्पताल में जांच और दबिश देगी। स्थानीय पुलिस को सहयोग के निर्देश दिए गए हैं। मामले के सामने आते ही अल्फा अस्पताल में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि अस्पताल का आधा स्टाफ फरार हो गया है।

 चार डॅाक्टरों के खिलाफ लुक आऊट नोटिस जारी 

कानपुर  में किडनी की खरीद-फरोख्त और अवैध ट्रांसप्लांट मामले में फरार हुए चार डॉक्टरों के खिलाफ लुक आऊट नोटिस जारी किया गया हे। जिसमें अल्फा अस्पताल के संचालक डा . अफजल, डा अनुराग, डा. रोहित उर्फ राहुल शामिल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए  मेडिकल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रिकॉर्ड और सीसीटीवी से छेड़छाड़ न करने की सख्त चेतावनी दी है। एसएसपी मेरठ अविनाश पांडेय के मुताबिक, कानपुर पुलिस की जांच में पूरा सहयोग दिया जाएगा। इसके लिए एसपी सिटी और सीओ सिविल लाइंस को जिम्मेदारी सौंपी गई है। किडनी कांड में मेरठ के तीन डॉक्टर डॉ. अफजाल, फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. अमित कुमार और डॉ. वैभव मुद्गलके नाम सामने आए हैं। पुलिस इनकी तलाश में जुटी है। ये सभी अल्फा अस्पताल से जुड़े बताए जा रहे हैं।

पहले भी विवादों में रहा अस्पताल

अल्फा अस्पताल पहले भी गंभीर आरोपों में घिर चुका है। नवंबर 2025 में इलाज में लापरवाही की शिकायत के बाद सीएमओ ने अस्पताल का लाइसेंस निलंबित कर दिया था, हालांकि बाद में बहाल कर दिया गया था। जांच में सामने आया है कि किडनी डोनर तलाशने के लिए टेलीग्राम का इस्तेमाल किया गया। बिहार के एक युवक को लालच देकर डोनर बनाया गया और कानपुर में महिला का ट्रांसप्लांट कराया गया। पैसों के विवाद के बाद मामला खुला। सीएमओ डॉ. अशोक कटारिया ने अस्पताल प्रबंधन को नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

 बोले अस्पताल के मैनेजर 

अल्फा अस्पताल के मैनेजर सचिन भड़ाना का कहना है अस्पताल के मालिक फिजियोथेरेपिस्ट डा अमित कुमार है। अस्पताल से डा. अफजल से कोई लेना देना नहीं है। डा वैभव मुदगल अस्पताल में डेंटल ओपीडी करने आते है। डा रोहित व डा . अनुराग से अस्पताल का कोई वास्ता नहीं है। 

बोले सीएमओ 

 मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा अशोक कटारिया का कहना है कि कानपुर किडनी ट्रांसप्लांट मामले में अल्फा अस्पताल को नोटिस जारी किया गया है। तीन दिन में नोटिस का जवाब न देने पर अस्पताल को लाइसेंस निरस्तीकरण व अन्य कार्रवाई की जाएगी। अस्पताल में भर्ती मरीजों को अन्य अस्पताल में शिफ्ट कराने की व्यवस्था की जा रही है। 

बोले एसपी सिटी 

 एसपी सिटी आयुष् विक्रम सिंह का कहना है कि अस्पताल को लेकर कानपुर पुलिस जांच कर रही है। कानपुर से एक टीम मेरठ आयी है। इस टीम के साथ स्वाट टीम को लगाया गया है। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की टीम छानबीन करने में जुूटी है। 


No comments:

Post a Comment

Popular Posts