पत्नी ने पति को चप्पलों से पीटा
दूसरी शादी की तैयारी पर हुई आगबबूला; दोनों पक्षों में लात-घूंसे भी चले
मेरठ। परिवार न्यायालय के बाहर गुरुवार को महिला व ससुराल पक्ष में जमकर मारपीट हुई। पति के दूसरी शादी करने की तैयारी से गुस्साई महिला ने पति व उसके साथ आए लोगों की चप्पलों से जमकर धुनाई की। मारपीट होते ही हंगामा खड़ा हो गया। 15 मिनट तक पति व उसके साथियों को जमकर पीटा गया।
अधिवक्ताओं ने किसी तरह दोनों पक्षों को अलग किया। थाना सिविल लाइंस पर महिला ने पति व उसके दोस्तों के खिलाफ मारपीट की तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच करा रही है।
लालकुर्ती निवासी फरहा ने बताया कि उसकी शादी मुजफ्फरनगर के खालापार निवासी फरमान से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति, ससुर, सास व देवर उसे कार व दस लाख रुपये लाने को परेशान करने लगे। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। उसे 19 जून 24 को मारपीट कर घर से निकाल दिया गया।
19 जनवरी 25 को उसके मेरठ के हाॅस्पिटल में एक बेटा हुआ। इसके बाद भी जब स्वजन उसे लेकर नहीं गए तो उन्होंने थाना लालकुर्ती पर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ कार्रवाई कर आरोप पत्र कोर्ट में भेज दिया। परिवार न्यायालय में फरहा ने मुकदमा डाला। इसी मामले में सुनवाई चल रही थी।
इसी बीच फरहा को पता चला कि फरमान दूसरा निकाह करने की तैयारी कर रहा है। गुरुवार को पति फरमान अपने दोस्तों संग मेरठ पैरोकारी के लिए आया। इसी दौरान उसने फरहा व उसके साथ आए अन्य ससुरालियों पर कमेंट कर दिया। इस पर फरहा, उसके भाई व अन्य लोगों ने फरमान को दबोच लिया।
उसके साथ आए लोगों ने मारपीट शुरू कर दी। इससे अपर परिवार न्यायालय द्वितीय न्यायालय के बाहर हंगामा खड़ा हो गया। दोनों पक्षों में जमकर लात घूंसे चले। फरहा ने फरमान की चप्प्लों से जमकर धुनाई की।
फरमान के साथी भाग गए। अधिवक्ताओं ने दोनों पक्षों को अलग किया। सूचना पर डायल-112 व सिविल लाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फरहा ने थाना सिविल लाइंस पर फरमान व उसके चार अज्ञात साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


No comments:
Post a Comment