प्रेम विवाह को लेकर मचा बवाल, कई लोग घायल

-अंबेडकर शोभायात्रा में भी मारपीट करने का आरोप 

-सांप्रदायिक तनाव को देखते गांव में पुलिस ने डाला डेरा

मेरठ। रोहटा थाना क्षेत्र के  डालमपुर गांव में कमरे में बंद कर प्रेमी युगल के साथ मारपीट की घटना से बवाल हो गया। आरोप है कि शोभायात्रा में शामिल युवक जब प्रेमी युगल को बचाने के लिए पहुंचे तो उन पर भी हमला बोल दिया, जिसमें कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर स्थिति को कंट्रोल किया और घायलों को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल भिजवाया। दो की हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने मेरठ रेफर कर दिया। पुलिस दोनों पक्षों से वार्ता कर गांव के आपसी भाईचारे को बनाने के प्रयास में लगी है। साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से गांव में पुलिस फोर्स तैनात की गई है। 

डालमपुर गांव निवासी जावेद के दिल्ली निवासी तमन्ना से प्रेम संबंध थे। दस दिन पहले दोनों ने विवाह कर लिया था और गांव आकर रहने लगे थे। इसकी जानकारी मिलने पर मंगलवार शाम को दिल्ली से तमन्ना के परिजन गांव पहुंचे और जावेद के परिजनों से वार्ता की। आरोप है कि इसके बाद दोनों पक्षों के परिजनों ने जावेद व तमन्ना की कमरे में बंद कर पिटाई शुरू कर दी। इसी दौरान वहां गांव के युवक अंबेडकर जयंती पर शोभायात्रा निकालते हुए पहुंच गए। जावेद और तमन्ना के चिल्लाने की आवाज सुनकर शोभायात्रा में शामिल लोग उन्हें बचाने के लिए पहुंचे। आरोप है कि जावेद व तमन्ना के परिजनों ने युवकों पर हमला कर दिया। इससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही रोहटा पुलिस मौके पर पहुंची। वहां के हालतों को देखते हुए कई थानों की पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझा कर स्थिति को कंट्रोल किया। ग्रामीणों ने बताया, इस घटना में जोगेंद्र, मनीषा, गुलशन, जावेद और तमन्ना सहित कई लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ रेफर कर दिया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराने के बाद पुलिस ने गांव के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चला कर कई लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। रोहटा पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया,  जावेद प्रेम विवाह के बाद युवती को गांव ले आया था। युवती के परिजन गांव पहुंचे थे। इसी बात पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया था। तभी जावेद का दोस्त जोगेंद्र वहां पहुंचा तो दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। मामला शांत है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts