विक्टोरिया पार्क अग्निकांड 

बरसी पर मृतकों के परिजनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने  हवन से श्रद्धांजलि

मेरठ।  विक्टोरिया पार्क में वर्ष 2006 में हुए भीषण अग्निकांड के 20 साल पूरे हो गए हैं। यह घटना शहर के इतिहास की सबसे बड़ी त्रासदियों में से एक मानी जाती है, जिसमें 64 लोगों की मौत हो गई थी और सैकड़ों लोग गंभीर रूप से झुलस गए थे। घटना के दो दशक बीत जाने के बाद भी पीड़ित परिवारों को आज तक न्याय नहीं मिल पाया है।

अग्निकांड की 20वीं बरसी पर शुक्रवार को मृतकों के परिजनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने विक्टोरिया पार्क पहुंचकर हवन-पूजन किया। इस दौरान दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की गई। परिजनों की आंखों में आज भी अपने प्रियजनों को खोने का दर्द साफ झलक रहा था।

हवन में शामिल संजय गुप्ता ने बताया कि 2006 का वह मंजर आज भी याद है। उन्होंने कहा, “चारों तरफ आग की लपटें थीं, लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भाग रहे थे, हर तरफ चीख-पुकार मची हुई थी। कई लोग आग में जिंदा जल गए, जबकि कई ने दम तोड़ दिया।”

गुप्ता ने यह भी बताया कि हर साल मृतकों की याद में हवन किया जाता है, ताकि उनकी आत्मा को शांति मिल सके। उन्होंने इस बात पर चिंता व्यक्त की कि 20 साल बाद भी यह मामला अदालत में लंबित है और पीड़ित परिवार आज भी न्याय की प्रतीक्षा कर रहे हैं।परिजनों ने प्रशासन और न्याय व्यवस्था से अपील की है कि इस मामले में जल्द से जल्द फैसला सुनाया जाए। उनका कहना है कि इससे मृतकों की आत्मा को सच्ची श्रद्धांजलि मिल सकेगी और परिवारों को न्याय मिल पाएगा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts