शादी वाले घर में चोरों की सेंध
24 लाख रूपये के आभूषण ले उड़े
मेरठ। एक शादी वाले घर से 24 लाख रुपये की ज्वेलरी गायब हो गई थी। घटना के बाद घर में अफरा तफरी मच गई। जिसकी सूचना परिवार के लोगों ने थाना पुलिस को दी। पहुंची पुलिस ने दूल्हे समेत कई रिश्तेदारों से पूछताछ शुरु कर दी। हालांकि, बाद में सारी ज्वेलरी घर की तीसरी मंजिल पर एक पॉलीथीन में बंधी हुई मिली। परिवार वालों ने पुलिस को कार्रवाई न करने की बात कहकर लिखकर दे दिया।
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के ऊंचा सद्दीकनगर निवासी नवाब कपड़ा कारोबारी हैं। शनिवार को उनके बेटे आमिर की शादी थी और बारात हापुड़ रोड स्थित एक मंडप में गई थी। रात करीब तीन बजे बारात वापस लौटी। दूल्हे आमिर की मां ने दुल्हन और अपने सभी जेवरात एक तिजोरी में रख दिए थे। रविवार सुबह जब आमिर की मां ने दुल्हन को ज्वेलरी पहनाने के लिए तिजोरी खोली तो वह खाली थी। यह देखकर उन्होंने शोर मचा दिया। घटना की जानकारी परिवार के लोगों को लगते ही अफरा-तफरी मच गई। परिवार के अनुसार गायब ज्वेलरी की कीमत लगभग 24 लाख रुपये बताई गई। जिसकी सूचना परिवार के सदस्यों ने थाना पुलिस को दी। पहुंची पुलिस ने जानकारी लेने के बाद दूल्हे आमिर सहित सभी रिश्तेदारों को पूछताछ के लिए थाने ले गई। पुलिस ने सभी पहलुओं पर जांच शुरु कर दी। उसके बाद परिवार के अन्य कुछ लोग घर में ज्वेलरी की तलाश कर रहे थे। काफी देर की खोजबीन के बाद सारी ज्वेलरी तीसरी मंजिल के एक कमरे में एक पॉलीथीन में बंधी हुई मिली। जिसकी सूचना परिवार के अन्य लोगों ने पुलिस को दी। ज्वेलरी मिलने की बात परिवार के लोगों ने पुलिस को लिखकर दे दी।

No comments:
Post a Comment