ड्रग्स रखने वालों के ख़िलाफ़ होगी कड़ी कार्रवाई -पंडित सुनील भराला
मेरठ । दौराला नगर पंचायत क्षेत्र में स्वर्गीय बाबूराम प्रजापति सहित तीन लोगों की ज़हरीली शराब से हुई दर्दनाक मृत्यु अत्यंत दुखद, पीड़ादायक एवं चिंताजनक है। इस हृदय विदारक घटना पर राष्ट्रीय परशुराम परिषद के संस्थापक एवं पूर्व मंत्री पंडित सुनील भराला ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। उन्होंने कहा कि यह केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि पूरे समाज का अपूरणीय नुकसान है।
पंडित सुनील भराला ने प्रशासन से तत्काल वार्ता कर पीड़ित परिवारों को सरकार की ओर से शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है, जिससे इस कठिन समय में उन्हें कुछ संबल मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार की घटनाएं प्रशासनिक लापरवाही एवं अवैध गतिविधियों पर ढीले नियंत्रण का परिणाम हैं, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने विशेष रूप से चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र में ज़हरीले पदार्थ, अवैध शराब एवं नशीले तत्वों की बिक्री मेडिकल स्टोरों और सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम हो रही है। यह स्थिति न केवल कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती है, बल्कि हमारे युवाओं के भविष्य को बर्बाद करने वाली गंभीर सामाजिक समस्या भी है।
भराला ने स्पष्ट किया कि इस गंभीर विषय को लेकर वे शीघ्र ही मुख्यमंत्री से संवाद स्थापित करेंगे तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई, अवैध शराब पर पूर्ण प्रतिबंध और प्रभावी नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग करेंगे। उन्होंने प्रशासन से भी अपेक्षा की कि इस मामले में दोषियों को चिन्हित कर सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
अंत में उन्होंने समाज के सभी वर्गों से आह्वान किया कि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों के विरुद्ध जागरूकता बढ़ाएं और प्रशासन के साथ मिलकर कार्य करें, ताकि समाज को इस अभिशाप से मुक्त किया जा सके और युवाओं का भविष्य सुरक्षित बनाया जा सके।


No comments:
Post a Comment