पश्चिम एशिया संकट पर पीएम मोदी का 'मंथन'

 राज्यों के साथ बनाई 'टीम इंडिया' रणनीति, जमाखोरी और अफवाहों पर सख्त एक्शन के निर्देश

नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में गहराते युद्ध के संकट और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर इसके असर को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों और केंद्र शासित प्रदेशों के उपराज्यपालों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई इस बैठक में पीएम मोदी ने स्पष्ट किया कि भारत किसी भी वैश्विक चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने राज्यों से 'टीम इंडिया' की भावना के साथ काम करने का आह्वान करते हुए कहा कि केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर तालमेल ही इस संकट से निपटने की सबसे बड़ी ताकत है।

प्रधानमंत्री ने बैठक में निर्देश दिया कि राज्य स्तर पर सप्लाई चेन को सुचारू बनाए रखा जाए और संकट का फायदा उठाकर जमाखोरी या मुनाफाखोरी करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए। उन्होंने कृषि क्षेत्र पर विशेष ध्यान देते हुए उर्वरकों के भंडारण और वितरण की निगरानी सुनिश्चित करने को कहा, ताकि खरीफ सीजन में किसानों को परेशानी न हो। पीएम ने चेतावनी दी कि ऐसे समय में अफवाहें और गलत जानकारी घबराहट पैदा कर सकती हैं, इसलिए प्रशासन सही और विश्वसनीय जानकारी समय पर जनता तक पहुंचाए।

बैठक के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बताया कि सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी घटाने और एलपीजी की उपलब्धता सुनिश्चित करने जैसे ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्रियों ने ईंधन के दाम कम करने के केंद्र के फैसले का स्वागत किया और भरोसा जताया कि देश में ऊर्जा का पर्याप्त भंडार मौजूद है। पीएम मोदी ने दीर्घकालिक समाधान के तौर पर बायोफ्यूल, सौर ऊर्जा और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के विस्तार पर जोर देते हुए कहा कि समुद्री गतिविधियों और तटीय राज्यों को विशेष रूप से सतर्क रहना होगा। जिन राज्यों के नागरिक पश्चिम एशिया में फंसे हैं, उन्हें जिला स्तर पर हेल्पलाइन और नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts