सेना के जवानों से बदसलूकी पर गॉडविन ग्रुप के भूपेंद्र और जितेंद्र बाजवा पर मुकदमा दर्ज 

 नो-एंट्री में गाड़ी ले जाने पर हुआ था विवाद

मेरठ।थाना कंकरखेड़ा क्षेत्र में सेना के जवानों के साथ हाथापाई और अभद्रता का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना ने उस वक्त तूल पकड़ लिया जब रसूखदार होटल कारोबारियों और उनके गार्डों पर देश के रक्षकों के साथ न केवल मारपीट करने, बल्कि उन पर हथियार तानने का भी आरोप लगा। सेना के अधिकारियों की तहरीर पर पुलिस ने गॉडविन ग्रुप से जुड़े भूपेंद्र बाजवा और जितेंद्र बाजवा के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, पूरा विवाद सैन्य क्षेत्र के 'नो-एंट्री जोन' में गाड़ी ले जाने को लेकर शुरू हुआ। सेना के जवानों ने जब नियमों का हवाला देते हुए गाड़ी को आगे ले जाने से रोका, तो कार सवारों ने अपनी रसूख की धौंस दिखाना शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामूली कहासुनी खूनी संघर्ष और हाथापाई में तब्दील हो गई।

जवानों पर तान दिया असलाह

मामला तब और अधिक गंभीर हो गया जब आरोप लगा कि होटल कारोबारियों के निजी गार्ड ने ड्यूटी पर तैनात सेना के जवानों पर बंदूक (असलाह) तान दी। सैन्य क्षेत्र में इस तरह की हिमाकत ने सेना के उच्चाधिकारियों को भी सख्ते में डाल दिया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला, लेकिन जवानों के साथ हुई इस बदसलूकी को लेकर सैन्य महकमे में भारी रोष व्याप्त है।

पुलिसिया कार्रवाई और मुकदमा

सेना के अफसरों की कड़ी आपत्ति और लिखित तहरीर के आधार पर थाना कंकरखेड़ा पुलिस ने तत्काल प्रभाव से मुकदमा दर्ज किया है। प्राथमिकी में भूपेंद्र बाजवा और जितेंद्र बाजवा को नामजद किया गया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है।

रसूख बनाम अनुशासन की जंग

मेरठ का यह इलाका संवेदनशील माना जाता है और सैन्य नियमों का पालन करना हर नागरिक का कर्तव्य है। ऐसे में गॉडविन ग्रुप जैसे बड़े कारोबारी घरानों से जुड़े लोगों का इस तरह के विवाद में नाम आना चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून सबके लिए बराबर है और वर्दीधारियों के साथ दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।फिलहाल, पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना के सटीक कारणों की पड़ताल में जुटी है। सैन्य प्रशासन भी इस मामले की अपनी स्तर से निगरानी कर रहा है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts