सिलेंडर की लाइन में लगा किशोर हुआ बेहोश

  मामा ने व्यवस्थाओं से त्रस्त होगी खुद काे आग लगाने की दी धमकी 

 मेरठ। सरधना कस्बे में कालंद चुंगी चौराहे पर स्थित सरधना भारत गैस एजेंसी के बंद रहने से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को एजेंसी के बाहर लोगों की लंबी कतार लग गई। लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी एजेंसी नहीं खुली।इससे गुस्साए उपभोक्ताओं ने जमकर हंगामा किया। इस बीच एक किशोर भी बेहोश हो गया। जिसके बाद किशोर के मामा ने व्यवस्थाओं से त्रस्त होकर सिलेंडर मिलने पर उसे लीक कर खुद को आग लगाने की धमकी दी।

मंगलवार को उपभोक्ता दिन निकलते ही कालंद चुंगी स्थित सरधना भारत गैस एजेंसी पर पहुंच गए। लेकिन दोपहर तक भी एजेंसी नहीं खुली। इस बीच एजेंसी पर सुबह से सरधना-बिनौली रोड निवासी आयुष अपने मामा अंकित शर्मा के साथ सुबह से खड़ा था। लंबे समय तक धूप और भीड़ में खड़े रहने के कारण आयुष अचानक बेहोश हो गया। जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई और स्वजन ने उसे संभाला।इसके बाद आक्रोशित अंकित शर्मा ने कहा कि जिस दिन सिलेंडर मिलेगा। उसी दिन सिलेंडर लीक कर खुद को आग लगा लूंगा। वहीं अन्य उपभोक्ताओं ने बताया कि गैस बुक कराने के बावजूद पिछले तीन दिनों से उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। रोज सुबह से दोपहर तक एजेंसी के बाहर इंतजार करना पड़ रहा है। लेकिन हर बार निराश होकर लौटना पड़ता है।

एजेंसी पर बाहर लिखे नंबर भी नहीं उठा रहे संचालक

उपभोक्ताओं ने आरोप लगाते हुए बताया कि पिछले दिन से एजेंसी के बाहर लिखे नंबरों पर लगातार फोन किया जा रहा है। लेकिन कोई फोन नहीं उठा रहा है। उपभोक्ताओं ने प्रशासन से समस्या के निस्तारण की मांग की है। जब इस मामले में एजेंसी के मैनेजर सचिन कुमार से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया तो नंबर नहीं लगा। जिसके बाद मैसेज का भी कोई जवाब नहीं आया।

इन्होंने कहा

अगर ऐसा है तो मामला गंभीर है। एजेंसी संचालक से जवाब तलब किया जाएगा। किसी भी उपभोक्ता को परेशान नहीं होने दिया जाएगा।

उदित नारायण सेंगर, एसडीएम सरधना।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts