मासूम बच्ची का हत्यारा सुनील पुलिस मुठभेड़ में ढेर, दरोगा भी घायल
बच्ची की हत्या कर आटे के ड्रम में छिपाया था शव, घेराबंदी के दौरान अपराधी ने की थी फायरिंग
आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहाँ ताजगंज क्षेत्र में 8 वर्षीय मासूम बच्ची की निर्मम हत्या करने वाले 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी सुनील को पुलिस ने शनिवार तड़के एक मुठभेड़ में ढेर कर दिया। बमरौली कटारा क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के दौरान अपराधी की फायरिंग में एक उपनिरीक्षक भी घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, गत 24 मार्च को ताजगंज क्षेत्र से एक 8 वर्षीय बच्ची प्रज्ञा की संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश शुरू की, तो अगले ही दिन बच्ची का शव उसी मकान में किराए पर रहने वाले सुनील के कमरे से बरामद हुआ। अपराधी ने मासूम की हत्या कर उसकी लाश को आटे के ड्रम में बंद कर दिया था ताकि किसी को शक न हो। इस वीभत्स कांड के बाद से ही आरोपी फरार था।
पुलिस टीमों की दबिश, बमरौली कटारा में घेराबंदी
पुलिस उपायुक्त (नगर) सय्यद अली अब्बास ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 12 टीमें गठित की गई थीं और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। शनिवार सुबह पुलिस को सटीक सूचना मिली कि सुनील बमरौली कटारा इलाके में बिना नंबर की बाइक से भागने की फिराक में है। जब पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, तो उसने जान से मारने की नीयत से टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में मारा गया अपराधी
आत्मरक्षार्थ की गई पुलिस की जवाबी फायरिंग में सुनील को गोली लगी। उसे घायल अवस्था में तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने मौके से एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल, एक .315 बोर का तमंचा तथा 6 खोखा कारतूस और 3 जिंदा कारतूस बरामद किये हैं।
घायल दरोगा की स्थिति स्थिर
मुठभेड़ के दौरान अपराधी की गोली लगने से एक उपनिरीक्षक घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल जाकर उनका हालचाल जाना। चिकित्सकों के अनुसार, उनकी स्थिति अब खतरे से बाहर है। इस एनकाउंटर के बाद क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात है और कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही
थप्पड़ के बदले घटना को दिया अंजाम
पुलिस जांच में सामने आया था कि 11 दिन पहले बकाया किराए को लेकर बच्ची के चाचा ने उसे थप्पड़ मार दिया था और कमरे पर ताला लगा दिया था। यह बात उसे नागवार गुजरी। उसने बाद में किराया तो दे दिया, लेकिन देख लेने की धमकी भी दी थी। इसके बाद बदला लेने के लिए वारदात को अंजाम दिया था।


No comments:
Post a Comment