पीएनजी पाइपलाइन बिछाने की तैयारी तेज

औद्योगिक-रिहायशी इलाकों में गैस सप्लाई होगी, डीएम की अध्यक्षता में समिति का गठन

 नये आवेदन करने वालों को आवदेशन शुल्क वापिस होगा 

मेरठ।  औद्योगिक और रिहायशी इलाकों में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। गैस पाइपलाइन बिछाने की प्रक्रिया को गति देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एक समन्वय समिति का गठन किया गया है, जिसकी जल्द ही बैठक आयोजित की जाएगी।

समिति में जिलाधिकारी को अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि पुलिस अधीक्षक सदस्य सचिव और जिला पूर्ति अधिकारी संयोजक होंगे। इसके अलावा पीडब्ल्यूडी और पीवीवीएनएल के अधीक्षण अभियंता, इंडियन ऑयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम के अधिकारी, गेल और आईजीएल गैस कंपनियों के प्रतिनिधि तथा स्थानीय उद्यमियों को भी सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।

जिला पूर्ति अधिकारी विनय कुमार सिंह के अनुसार, समन्वय समिति की बैठक में गैस कंपनियों के सामने आ रही समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। साथ ही उद्यमियों के माध्यम से यह भी चिन्हित किया जाएगा कि किन क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर पाइपलाइन बिछाई जा सकती है।

प्रशासन का लक्ष्य है कि सभी बाधाओं को दूर कर जल्द से जल्द शहर के अधिक से अधिक हिस्सों में पीएनजी की सुविधा पहुंचाई जाए, जिससे उद्योगों को सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा मिल सके और आम नागरिकों को भी राहत मिले।

 जहां तक जिले में पीएनजी कनेक्शन की बातें तों जिले में अभी 55 हजार से अधिक कनेक्शन वर्तमान में चल रहे है। जिसमें शास्त्री नगर, जाग्रति विहार, मोदीपुरम, साकेत, गंगा नगर आदि कॉलोनियों पीएनजी के कनेक्शन चल रहे है।  गैस संकट के बीच गेल गैस लिमिटेड ने घरेलू उपभोक्ताओं, हास्टल, मैस व कैंटीन के लिए कई नई घोषणाएं की हैं। कैंटीन, मैस, अस्पताल व अन्य आवश्यक सुविधा से जुड़े प्रतिष्ठानों के लिए नया कनेक्शन आवेदन पर अब सात दिन के अंदर आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

वहीं घरों के लिए 10 से 15 दिन तक आपूर्ति शुरू करने की तैयारी कर ली गई है। अब तक कनेक्शन देने की समय सीमा 30 दिन रखी गई थी। यही नहीं घरेलू कनेक्शन के लिए आवेदन करने वालों को 500 रुपये वापस मिल जाएंगे, इस तरह से कनेक्शन निशुल्क  हो जाएगा।गेल गैस लिमिटेड ने नई घोषणा की है कि 16 मार्च 2026 से 30 जून 2026 के बीच पीएनजी गैस का उपयोग शुरू करने वाले उपभोक्ताओं को उनके पहले बिल में 500 रुपये की सीधी छूट दी जाएगी। दरअसल, आवेदन करने पर 500 रुपये ही शुल्क लिया जाता है, इस तरह से कनेक्शन शुल्क वापस मिल जाएगा।वैसे एक स्कीम पहले से ही चल रही है जोकि 31 मार्च के बाद समाप्त हो जाएगी। नए उपभोक्ता चाहें तो पहले से चल रही स्कीम का लाभ ले सकते हैं। इसके तहत नए घरेलू पीएनजी कनेक्शन लेने पर उपभोक्ताओं को कुल 900 रुपये तक की छूट दी जा रही है। यह छूट अधिकतम 300 रुपये प्रति बिल के हिसाब से पहले तीन बिलों में समायोजित की जाएगी। उपभोक्ताओं को दोनों में से एक का ही लाभ मिलेगा।

गेल गैस लिमिटेड मेरठ के महाप्रबंधक विनय कुमार ने बताया कि मंत्रालय और नियामक बोर्ड के निर्देशों के तहत अस्पतालों, स्कूलों, कालेजों और विश्वविद्यालयों की कैंटीन एवं मैस के लिए तेजी से पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। ऐसे संस्थानों को जल्द आवेदन करना चाहिए।

ऐसे करें आवेदन

पीएनजी कनेक्शन देने के लिए पूरे शहर में पाइप लाइन बिछाई जा चुकी है। शहर के अंदर गेल गैस लिमिटेड की आपूर्ति मिलती है, इसलिए गेल गैस कंपनी की वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए आप www.gailgas.com पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। यदि कोई समस्या आती है तो कंपनी के कार्यालय जाकर आफलाइन आवेदन भी जमा कर सकते हैं।

इसलिए उपयोगी है पीएनजी

पीएनजी के कई फायदे हैं। इसमें 24 घंटे गैस सप्लाई मिलती है, यह एलपीजी से ज्यादा सुरक्षित मानी जाती है क्योंकि गैस हवा से हल्की होती है और तेजी से फैल जाती है। साथ ही इसमें जितना उपयोग, उतना भुगतान का सिस्टम होता है, जिससे खर्च पर भी नियंत्रण रहता है। यह एलपीजी सिलिंडर की तुलना में 100 रुपये सस्ती है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts