आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग
बीबीसी एलीट ने सात विकेट से जीता मैच
- क्रिक गिरी चैंप्स कंकरखेड़ा ने 20 ओवर में 10 विकेट खोकर 166 रन बनाए
- बीबीसी एलीट ने 18.1 ओवर में तीन विकेट खोकर हासिल किया लक्ष्य
- मैन ऑफ द मैच बने राघव चोपड़ा, बीबीसी एलीट ने 41 गेंद पर 60 रन बनाए, एक विकेट लिया
- बीबीसी एलीट के ईशु शर्मा ने 49 गेंद पर 78 रन बनाए
- जीत के साथ बीबीसी एलीट प्वाईंट टेबल के टॉप पर पहुंची
मेरठ। आईआईएमटी विश्वविद्यालय और मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त तत्चावधान में आयोजित की जा रही आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग में आईआईएमटी क्रिकेट एकेडमी ग्राउंड पर बुधवार को दूसरा मैच शाम छह बजे से क्रिक गिरी चैंप्स कंकरखेड़ा और बीबीसी एलीट के बीच खेला गया। बीबीसी एलीट ने टॉस जीतकर पहले फिल्डिंग करने का निर्णय लिया। क्रिक गिरी चैंप्स के कप्तान शिवम बंसल और आरुष ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई। 55 रन के स्कोर पर छठे ओवर की पहली गेंद पर आरुष 15 रन बनाकर हर्षवर्धन की गेंद पर दिव्यांश राजपूत के हाथों कैच आउट हो गए। टीम का स्कोर 60 रन ही हुआ था की अक्षय दुबे 2 रन बनाकर जयवर्धन की गेंद पर विकेटकीपर अजय भारद्वाज को कैच दे बैठे। लीग में शानदार बल्लेबाजी कर रहे वियान जट राणा 8 गेंद पर 17 रन बनाकर राघव चोपड़ा का शिकार बने और लक्ष्य राठी ने उनका महत्वपूर्ण कैच लपकने में कोई गलती नहीं की। कप्तान शिवम बंसल ने अपना अर्धशतक पूरा किया लेकिन हर्षवर्धन की एक गेंद पर चूके और विकेटकीपर अजय भारद्वाज ने उन्हें स्टंप आउट कर दिया। शिवम बंसल ने 6 चौके-2 छक्के के साथ 34 गेंद पर 52 रन बनाए। कप्तान के आउट होते ही सत्यम संघु (21 गेंद पर 25 रन) भी धैर्य खो बैठे और जयर्वधन ने उन्हें लक्ष्य राठी के हाथों कैच आउट करा दिया।
एक समय 200 के पार जाती दिख रही क्रिक गिरी चैंप्स कंकरखेड़ा 14.1 ओवर में 122 के स्कोर पर पांच विकेट गंवा बैठी। टीम को एक साझेदारी की जरूरत थी मगर अधिराज यादव 14 रन बनाकर हर्षवर्धन की गेंद पर अर्जुन त्यागी को कैच दे बैठे। एक रन बाद ही शिवम (11 रन) को ज्ञानेश शर्मा ने रन आउट कर दिया। 18 ओवर में टीम ने 150 रन बना लिए थे मगर 7 विकेट भी गंवा दिए थे। सक्षम राणा 8 रन बनाकर दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से ज्ञानेश के हाथों रनआउट हो गए। इसी ओवर में नमन भी 13 रन बनाकर लक्ष्य राठी के हाथों रन आउट हो गए। पारी की अंतिम गेंद पर ज्ञानेश शर्मा ने अनुराग पोसवाल को शून्य पर क्लीन बोल्ड कर दिया। अभिषेक पुंडीर एक रन बनाकर नॉटआउट रहे।क्रिक गिरी चैंप्स कंकरखेड़ा ने निर्धारित 20 ओवर में 10 विकेट खोकर 166 रन बनाए।
बीबीसी एलीट के गेंदबाज हर्षवर्धन ने तीन, जयवर्धन ने दो, ज्ञानेश शर्मा ने एक, राघव चोपड़ा ने एक विकेट लिया। तीन बल्लेबाज रनआउट हुए। लक्ष्य राठी ने दो कैच पकडे़ और एक बल्लेबाज को रन आउट किया। ज्ञानेश शर्मा ने दो बल्लेबाज को रन आउट किया।
167 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बीबीसी एलीट के सलामी बल्लेबाज ईशु शर्मा और लक्ष्य राठी ने पारी की शुरुआत की। अनुराग पोसवाल की गेंद पर ईशु शर्मा को महत्वपूर्ण कैच छूटा तो लगा क्रिक गिरी चैंप्स से मैच छूट गया। हालांकि उसी ओवर में लक्ष्य राठी (3 रन) आरुष को कैच दे बैठे। नंबर तीन पर राघव चोपड़ा बल्लेबाजी करने उतरे। दूसरे छोर से ईशु शर्मा ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए स्कोर को आगे बढ़ाते रहे। दोनों बल्लेबाजों ने अपने- अपने अर्धशतकों के साथ महत्वपूर्ण साझेदारी करते हुए टीम का स्कोर 15 ओवर में एक विकेट खोकर 134 रन तक पहुंचा दिया। इस समय ईशु शर्मा 71 और राघव चोपड़ा 55 रन पर खेल रहे थे। यहां से बीबीसी एलीट के लिए जीत सिर्फ कुछ वक्त की बात रह गयी थी। कुछ मेहरबानी क्रिक गिरी चैंप्स कंकरखेड़ा के क्षेत्ररक्षकों की भी रही जिन्होंने कैच छोड़ कर बल्लेबाजों को कई जीवनदान दिए।
यहां मैच में मोड़ आया जब ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर रहे ईशु शर्मा गेंदबाज सत्यम संघु की गेंद पर शिवम बंसल को कवर्स पर कैच दे बैठे। ईशु शर्मा ने 7 चौके-4 छक्कों के साथ 49 गेंद पर 78 रन बनाए। नंबर चार पर कप्तान दिव्यांश राजपूत बल्लेबाजी करने आए तो मात्र औपचारिकताएं ही शेष रह गयी थीं। लेकिन राघव चोपड़ा अपनी पारी में दिखाए धैर्य को बरकरार नहीं रख पाए और शिवम की गेंद पर बड़ा शॉट मारने के प्रयास में नमन को कैच दे बैठे। राघव चोपड़ा ने 7 चौके-दो छक्के के साथ 41 गेंद पर 60 रन बनाए। अर्जुन त्यागी ने छक्का मारकर टीम को जीत दिला दी। अर्जुन त्यागी ने 9 गेंद पर नाबाद 17 रन बनाए। कप्तान दिव्यांश राजपूत 5 रन बनाकर नॉटआउट रहे। बीबीसी एलीट ने 18.1 ओवर में तीन विकेट खोकर 171 रन बनाए और सात विकेट से मैच जीत लिया।क्रिक गिरी चैंप्स कंकरखेड़ा के गेंदबाज अनुराग पोसवाल, शिवम और सत्यम संघु ने एक-एक विकेट लिया।


No comments:
Post a Comment